रोहतक। पुलिस की उपस्थिति दिवस के दिनदहाड़े बाइक सवार युवक जनता कॉलोनी में स्कूल से लौटी महिला शिक्षिका का बैग छीनकर फरार हो गया। बैग में एक हजार रुपये की नकदी व मोबाइल फोन था। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
जनता कॉलोनी निवासी रितु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह झज्जर के गांव डीघल के निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी होने पर घर आ रही थीं। दोपहर बाद दो बजकर 40 मिनट पर जब वह पैदल जनता कॉलोनी के शिव पार्क के पास पहुंची तो पीछे से बाइक पर एक युवक आया। युवक ने टी शर्ट व लोअर पहन रखी थी। अचानक झपटा मारकर उसका बैग छीनकर ले गया। बैग में एक हजार की नकदी व मोबाइल फोन था। वह बाइक का नंबर नहीं दे सकीं। उसने शोर मचाया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ सका।
सड़क पर थी सुबह नौ से तीन बजे तक पुलिस
पुलिस प्रशासन की तरफ से शुक्रवार को पुलिस उपस्थिति दिवस मनाया गया। समय सुबह नौ से दोपहर तीन बजे रखा गया था। एसपी ने हिदायत दी थी कि पुलिस की टीमें भीड़भाड़ वाले बाजारों में व एरिया में पैदल गश्त करेंगी। नाके लगाकर वाहनों की जांच करेंगी। इसके बावजूद 2 बजकर 40 मिनट पर बाइक सवार झपटमारी की वारदात अंजाम देकर फरार हो गया।
पुलिस को घटनास्थल पर एक सीसीटीवी फुटेज मिली है। आरोपी को दबोचने के लिए थाने के अलावा सीआईए की टीम भी दबिश दे रही है। उम्मीद है जल्द आरोपी काबू आ जाएगा।
इंस्पेक्टर देशराज, प्रभारी थाना शिवाजी कॉलोनी
दोपहर बाद महिला शिक्षकों का घर आने का समय होता है। ऐसे में झपटमार उनका बैग छीनने के लिए सक्रिय हो जाते हैं। पुलिस को दोपहर एक बजे से तीन बजे के बीच में लगातार कॉलोनी में गश्त करनी चाहिए।
वेदप्रकाश राठी, शिक्षिका के पिता