रोहतक। पंजाब से आने वाली ट्रेनों से किसानों के दिल्ली कूच की भनक से रेलवे और पुलिस प्रशासन सतर्क है। जीआरपी को मुख्यालय से रिजर्व पुलिस बल मुहैया कराया गया ताकि कानून व्यवस्था की स्थिति बनी रहे। बुधवार तड़के पंजाब मेल एक्सप्रेस के आने के दौरान किसानों के कम आवागमन को देखते हुए पुलिस ने राहत की सांस ली।
रोहतक और जींद में किसान नेता राकेश टिकैत की पंचायत होने की वजह से पुलिस प्रशासन एलर्ट रहा। पंजाब की तरफ से आने वाली ट्रेनों से काफी किसानों के आने की आशंका के चलते जीआरपी और आरपीएफ को एलर्ट किया गया था। रात में ही जीआरपी रोहतक को रिजर्व के 20 पुलिस कर्मी मुख्यालय से मुहैया कराए गए। इसके साथ ही हालातों से निपटने के लिए जीआरपी व रेलवे के अधिकारी ट्रेन के मूवमेट और सवारियों के बारे में लगातार जानकारी लेते रहे। जीआरपी की रणनीति के अनुसार जींद से ट्रेन के रवाना होने के साथ ही स्टेशन के आसपास कड़ा सुरक्षा पहरा होना था। तड़के जब जींद से इनपुट मिला कि पंजाब मेल में अतिरिक्त संख्या में सवारी नहीं हैं और न किसान तो जीआरपी व रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इसके चलते जीआरपी थाना प्रभारी ने स्टेशन पर रुटीन का पुलिस फोर्स लगाया। जीआरपी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि दिन में पुलिस कर्मियों से ड्यूटी ली गई थी। सभी पुलिस कर्मियों और रिजर्व फोर्स को थाने में रोका गया ताकि जींद से जानकारी मिलने के बाद हर पुलिस कर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद हो सकें। जब ट्रेन में किसानों का अवागमन कम होने की जानकारी मिली तो रुटीन का ही फोर्स स्टेशन पर लगाया गया।