गांव में तीज पर लगे मेले में होने वाले दंगल से मैंने कुश्ती की शुरुआत की थी। पहली कुश्ती जीतने पर तो मुझे इनाम में शाबासी ही मिली थी। उस शाबासी ने ही मुझे इस काबिल बना दिया है कि आज चीन में हुए वर्ल्ड पुलिस ऐंड फायर गेम्स में देश के लिए गोल्ड मेडल जीत कर सुकून मिला है। यह देश के लिए मेरा पहला अंतर्राष्ट्रीय पदक है। यह कहना है जिले के अजायब गांव के गोल्ड मेडल विजेता पहलवान बलजीत का। वीरवार को कच्चा चमारिया रोड स्थित रामकरण अखाड़े से उनका गांव तक विजयी जुलूस निकाला गया। इस दौरान 20 किलोमीटर की दूरी 35 गाड़ियों के काफिले के साथ तीन घंटे में तय हुई। इस दौरान कई जगह लोगों ने उनका स्वागत किया।
130 किलो भारवर्ग में किया देश का प्रतिनिधित्व
बता दें कि चीन के चेंगडू शहर में नौ से 18 अगस्त तक वर्ल्ड पुलिस ऐंड फायर गेम्स हुए। इन खेलों में कुश्ती की ग्रीको रोमन स्टाइल के 130 किलो भारवर्ग में रोहतक के अजायब गांव के खिलाड़ी बलजीत ने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के लिए गोल्ड मेडल हासिल किया। वीरवार को बलजीत कच्चा चमारिया रोड स्थित कैप्टन रामकरण अखाड़े में पहुंचे। उसके बाद सुबह नौ बजे से बलजीत की स्वागत यात्रा शुरू हुई, जो हिसार रोड से बहु अकबरपुर व मदीना होते हुए गांव पहुंची। बलजीत ने बताया कि स्वागत यात्रा में लगभग 35 गाड़ियां, 10 ट्रैक्टर-ट्राली व 50 बाइक शामिल थी। उन्होंने बताय कि गांव पहुंचने पर गांव के राजकीय विद्यालय में स्वागत समारोह हुआ। समारोह में हरियाणा कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष कर्ण सहरावत, मोहित धनवंतरी व बलराम सिंह दांगी पहुंचे थे। उन्होंने बताया गांव की दोनों पंचायतों व मोहित धनवंतरी ने उन्हें 21-21 हजार रुपये व बलराम सिंह दांगी व कर्ण सहरावत ने 11-11 हजार रुपये की राशि इनाम स्वरूप दी। बलजीत ने बताया कि उनके पिता खेतीबाड़ी करते हैं।
बलजीत की उपलब्धि
बलजीत ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2004-05 में कुश्ती लड़नी शुरू की थी। मिट्टी में पारंपरिक कुश्ती करने वाले बलजीत ने वर्ष 2012 में पुलिस भर्ती होने के बाद मैट पर कुश्ती लड़नी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि अभी तक उन्होंने जूनियर नेशनल में गोल्ड, सीनियर नेशनल में सिल्वर, ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में पांच गोल्ड, दो सिल्वर व दो ब्रांज के अतिरिक्त वर्ल्ड पुलिस गेम्स में पहला अंतरराष्ट्रीय पदक (गोल्ड) जीता है।