चार साल पहले गुरुग्राम के टैक्सी चालक विशाल यादव हत्याकांड में एडीजे जसबीर सिंह की अदालत ने वीरवार को किरसौला निवासी अनूप व प्रदीप, मोखरा निवासी विजय उर्फ सोनू और जुलाना निवासी दीपक को आजीवन कारावास व 20-20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना न भरने पर एक-एक साल की अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ेगी।
मामले के अनुसार गुरुग्राम के गांव डुंडाहेड़ा निवासी नरेंद्र यादव ने अगस्त 2015 में लाखनमाजरा थाने में शिकायत दी थी कि उसका भतीजा विशाल यादव गुरुग्राम की निजी कंपनी में टैक्सी चलाता था। वह गुरुग्राम से हिसार के लिए रवाना हुआ, लेकिन रास्ते में लापता हो गया। इसी बीच रोहतक पुलिस ने सूचना दी कि लाखनमाजरा के पास नहर में एक शव मिला है। जब शनाख्त की तो शव विशाल यादव का था। उसके चेहरे व शरीर पर चोट के निशान थे। साथ ही हाथ शर्ट से बंधे हुए थे। वारदात की जांच के बाद पुलिस ने बलंबा निवासी विजय, प्रदीप व बंटी को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में पता चला कि तीनों को गलत गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने वाले दूसरे युवक हैं। इसके चलते एसएचओ तक को हटा दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने किरसौला निवासी अनूप व प्रदीप, जुलाना निवासी दीपक और मोखरा निवासी विजय उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया था। तभी से अदालत में चारों के खिलाफ लूट व हत्या का मामला चल रहा था। बुधवार को कोर्ट ने चारों को वारदात का दोषी करार दिया। वीरवार को लूट के बाद हत्या करने पर आजीवन कारावास, 10-10 हजार रुपये और न भरने पर छह-छह माह की अतिरिक्त सजा और सबूत मिटाने के लिए सात-सात साल की कैद, 10-10 हजार रुपये जुर्माना और जुर्माना न भरने पर छह-छह माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ेगी। दोनों सजा एक साथ चलेंगी। ऐसे में आरोपियों को आजीवन कारावास की न केवल सजा भुगतनी पड़ेगी, बल्कि 20-20 हजार रुपये जुर्माना भी भुगतना पड़ेगा।