पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के सी - ब्लाक में काम करने वाली महिला सफाई कर्मी कोरोना संक्रमित मिली है। महिला की ड्यूटी कोरोना के मरीजों की स्क्रीनिंग के लिए चिह्न्ति ब्लॉक-सी में लगी थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला के गांव माड़ौदी जाटान के 60 लोगों और सोनीपत से बुआ के घर गिरावड़ आए एक व्यक्ति के संक्रमित मिलने पर उसके संपर्क में आए करीब 18 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे। पीड़ित व्यक्ति को सांपला पुलिस एंबुलेंस में अस्पताल ले गई है। वहीं, सवाल उठ रहा है कि ब्लॉक - सी में महिला कर्मचारी मास्क, पीपीई किट, ग्लव्ज पहनकर पूरी सतर्कता से काम करती थी तो वह संक्रमित कैसे हो गई। उधर, प्रशासन ने दोनों गांवों की सीमाएं सील कर दी है। इसके अलावा शिव कॉलोनी, अटायल व समचाना को पहले ही कंटेनमेंट जोन घोषित किया हुआ है। जांच टीम में डॉ. विवेक मोर, डॉ. अनिलजीत कौर एसएमओ लाखन, डॉ. वीके ढुल आदि मौजूद रहे।
महिला का पति बीजेपी नेता की चलता था गाड़ी
संक्रमित महिला के पति ने बताया कि वह बीजेपी के एक नेता की कार चलाता था, लेकिन पिछले दो तीन माह से वह घर पर ही है। वह अपनी पत्नी को पीजीआईएमएस से लाता व ले जाता था। तीन दिन पहले उसकी पत्नी को खांसी हुई तो उसने कहा था कि वह अपनी जांच करवा ले। क्योंकि वह कोरोना के मरीजों की स्क्रीनिंग वाली जगह काम करती है। जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर स्वास्थ्य विभाग उसके गांव से पूरे परिवार को जांच के लिए ले गई और सैंपल लेकर होम क्वारंटीन कर दिया। परिवार में करीब 22 सदस्य हैं।
पूर्व फौजी सैंपल देकर आया बुआ के घर, रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर ले गई स्वास्थ्य विभाग की टीम
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि सोनीपत के गांव कथूरा का रहने वाले पूर्व फौजी ने अपनी कोरोना की जांच करवाई थी और वह सैंपल देते ही रोहतक के गांव गिरावड़ आ गया। वह दो-तीन दिन से गांव में ही रह रहा था। जब व्यक्ति की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उसे लेने खानपुर सोनीपत से पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और उसे ले गई। वहीं, सूचना मिलने पर रोहतक स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वालों की स्क्रीनिंग करवाकर सैंपल लिए। अभी रिपोर्ट का इंतजार है।
माड़ौदी जाटान में 60 व महम के गिरावड़ में 18 के करीब सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए पीजीआईएमएस की वायरोलॉजी लैब में भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई तय होगी। फिलहाल गांव को सील कर ग्रामीणों के आवागमन पर रोक लगा दी है।
- डॉ. सत्यवान, डिप्टी सिविल सर्जन
तीन डॉक्टर, पांच नर्स, दो स्वीपर, तीन बीयरर का लिया सैंपल
पीजीआईएमएस में कोरोना स्क्रीनिंग विभाग में कार्यरत महिला सफाई कर्मी के कोरोना पजिटिव आने पर सी-ब्लाक के तीन डॉक्टर, पांच नर्स, दो स्वीपर व तीन बीयरर का सैंपल लेकर इन्हें क्वारंटीन कर दिया गया है। इसमें चार आउट सोर्स कर्मचारी व एक ओटीए का स्टाफ है। वहीं महिला के क्लोज कांटेक्ट में रहे नौ लोगों का पीजीआईएमएस में सैंपल लिया गया है।
सी-ब्लाक में काम करने वाली महिला घर क्यों गई।
सवाल उठ रहा है कि सी-ब्लाक में कोरोना के मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है। ऐसे में यहां काम करने वाली महिला घर क्यों गई। जबकि डॉक्टर, नर्स व अन्य स्टाफ के रहने के लिए प्रशासन ने इंतजाम किया हुआ है, ताकि कोरोना की जंग में काम कर रहे लोगों के परिवारों को संक्रमण से बचाया जा सके। सफाई कर्मी के मामले में प्रशासन की एक बहुत बड़ी ढिलाई सामने आई है। वहीं चतुर्थ श्रेेण के स्टाफ की मानें तो उनके लिए विश्राम सदन तय किया गया है, यहां सुविधओं का अभाव है। यहां मरीजों के परिजनों के रूकने की अनुमति दी जाती थी।
गिरावड़ में मिला संक्रमिण व्यक्ति चार दिन से गांव में रह रहा था। वह सोनीपत में सैंपल देते ही यहां आ गया था। माड़ौदी की एक महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। रविवार को माड़ौदी, गिरावड़, समचाना में 60 सैंपल जांच के लिए लिए। इसके अलावा 60 वेंडरों के सैंपल भी लिए गए हैं। तीन गांव सहित शहर की शिव कॉलोनी को कंटेनमेंट जोन बना कर लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
- डॉ. अनिल बिरला, सिविल सर्जन
कलानौर का माड़ौदी जाटान, महम का गिरावड़ और सांपला का समचाना कंटेनमेंट जोन घोषित
- डीसी वर्मा ने गांवों का दौरा कर अधिकारियों और सरपंचों को दिए निर्देश
जिले के तीन अलग-अलग गांवों में कोविड -19 के एक-एक पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन ने उन्हें पूरी तरह सील कर दिया है। तीनों गांवों को पूरी तरह सैनिटाइज करवा कर मरीजों के संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। तीनों गावों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर इनके आसपास लगते 17 गांवों को बफर जोन में रखा गया है। जिला मजिस्ट्रेट आरएस वर्मा ने डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की सिफारिश पर तीनों गांवों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। उन्होंने एसपी राहुल शर्मा के साथ तीनों गांवों का दौरा कर अधिकारियों और सरपंचों को निर्देश दिए।
कंटेनमेंट जोन : गांव माड़ौदी जाटान, गिरावड़, समचाना
बफर जोन : गांव माड़ौदी रांगडान, ककराना, बलंभ, बनियानी, डोभ, पटवापुर, खरैंटी, समर गोपालपुर, निंदाना, अजायब, मदीना, दतौड़, नौनंद, गांधरा, कसरेंटी व पाकस्मा।
स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर करेंगे स्क्रीनिंग
डीसी वर्मा ने सिविल सर्जन को निर्देश दिए हैं कि कंटेनमेंट जोन में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग, थर्मल स्कैनिंग, टेस्टिंग के लिए टीमें गठित करें। क्वारंटीन, आइसोलेशन, सोशल डिस्टेंसिंग के लिए कार्य योजना बनाई जाए। इस काम में लगाए जाने वाले मुलाजिमों को पर्सनल प्रोटेक्शन उपकरण व अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध करवाया जाएगा। कंटेनमेंट जोन के तीनों गांवों के साथ-साथ बफर जोन के सभी गांवों को भी सैनिटाइज करवाया जाएगा। तीनों क्षेत्रों के बीडीपीओ को इसके लिए पर्याप्त स्टाफ तैनात करने को कहा गया है। स्टाफ को पीपीई किट, मास्क, दस्ताने, टोपी, सैनिटाइजर, जूते उपलब्ध करवाए जाएं।