रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीजीआईएमएस) को 74 नए सीनियर रेजिडेंट चिकित्सक मिलने वाले हैं। संस्थान में सीनियर रेजिडेंट चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया के तहत नौ और 10 जनवरी को साक्षात्कार किए गए।
इसमें कुल 74 चिकित्सकों का चयन किया गया। इससे पहले दो और तीन जनवरी को अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया था। साक्षात्कार के दौरान गठित कमेटी ने सभी अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच की और नियमानुसार चयन प्रक्रिया पूरी की।
चयनित चिकित्सकों में सबसे अधिक 12-12 सीनियर रेजिडेंट जर्नल मेडिसिन और जर्नल सर्जरी विभाग को मिले हैं। एनेस्थीसिया विभाग को 11, पेडिएट्रिक को नौ और गायनी विभाग को आठ चिकित्सक मिले हैं। रेडियोडायग्नोसिस विभाग को छह और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग को दो सीनियर रेजिडेंट चिकित्सक मिले हैं।
वहीं बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी, ईएनटी, मेडिकल गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, नेत्र रोग, स्पोर्ट्स मेडिसिन, हड्डी रोग, पल्मोनरी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, टीबी, इम्यूनोहेमेटोलॉजी व ब्लड ट्रांसफ्यूजन, डरमैटोलॉजी, पेडिएट्रिक पल्मोनोलॉजी व इंटेंसिव केयर, नियोनेटोलॉजी और पेडिएट्रिक सर्जरी विभाग को एक-एक सीनियर रेजिडेंट चिकित्सक मिला है।
संस्थान में काफी समय से चिकित्सकों की कमी महसूस की जा रही थी। अब 74 नए सीनियर रेजिडेंट चिकित्सकों की नियुक्ति से विभिन्न विभागों में कार्यभार कम होगा। इससे ओपीडी, वार्ड और इमरजेंसी सेवाओं में भी सुधार आने की उम्मीद है। नए सीनियर रेजिडेंट चिकित्सकों की नियुक्ति से पीजीआईएमएस में मरीजों को समय पर जांच और इलाज मिल सकेगा।