रोहतक। उपमंडलाधीश आशीष कुमार ने जिले के कम लिंगानुपात वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत आने वाले गांवों में लोगों को जागरूक करने के लिए मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस वैन के माध्यम से लोगों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के बारे में जागरूक किया जाएगा, ताकि संबंधित क्षेत्र में लिंगानुपात में सुधार किया जा सके।
आशीष कुमार ने बताया कि जिला रोहतक के गांव दतौड़, गांधरा, ईस्माईला, कुल्ताना, चुलियाणा, खेड़ी सांपला, सुनारिया कलां, गढ़ी-सांपला, लाहली, निंदाना, मोरखेड़ी, सुंडाना, बनियानी, काहनौर, लाखन माजरा, हसनगढ़ और सांघी सामुदायिक केंद्रों के अंतर्गत आने वाले गांवों का लिंगानुपात पिछले कुछ माह से 900 से कम रहा है। इन गांवों के लोगों को जागरूक करने के लिए मोबाइल वैन को रवाना किया गया है। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग रोहतक से डब्ल्यूसीडीपीओ डिंपल, मंजू यादव, कमलेश, बिजेंद्र, सहायक तथा सुनील लिपिक मौजूद रहे।