नल से सप्लाई का गंदा पानी आता हुआ
कलानौर। नगरपालिका के वार्ड नंबर 13 में पिछले कई महीनों से गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में दो दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जाती है लेकिन जो पानी आता है। वह इतना गंदा और बदबूदार होता है कि वह न तो पीने के लायक है और न ही घरेलू उपयोग के लिए सही है।
वार्ड के डाॅ. उदयभान, गोपाल चावला, सोनू मदान, भवानी सोनी और सोनू जुनेजा ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग में शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।
गंदे पानी के कारण लोगों को मजबूरन बाहर से पानी मंगवाना पड़ रहा है। इस बारे में पार्षद हरप्रीत सिंह जुनेजा ने बताया कि वार्ड में लगातार गंदे पानी की सप्लाई हो रही है जिससे बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग को कई बार इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी तक समस्या का स्थाई समाधान नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की लाइन की जांच कर समस्या का समाधान किया जाए ताकि वार्ड के लोगों को साफ और पीने योग्य पानी मिल सके। वहीं इस बारे में एसडीओ व जेई से बातचीत करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।