15-गर्मी से राहत पाने के लिए बाजार में सजे रंग- बिरंगे टब पूल। संवाद
रोहतक। बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्विमिंग पूल या बाहर जाने की बजाय लोग घर पर ही टब पूल लगाकर कूलिंग का मजा ले रहे हैं। बाजारों में अलग-अलग आकार और डिजाइन के रेडीमेड टब पूल 500 से लेकर 5 हजार रुपये तक में उपलब्ध हैं।
विभिन्न बाजारों में इन दिनों सड़क किनारे और दुकानों पर रंग-बिरंगे टब पूल सजे नजर आ रहे हैं। छोटे बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाले पूल, गोल और चौकोर डिजाइन, साथ ही बड़े साइज के फैमिली पूल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। पूल में छोटे बच्चों के लिए खिलौने भी बाजार में मौजूद है।
रेडीमेड पूल में बढ़ती गर्मी के साथ मांग में उछाल
दिल्ली बाईपास पर स्थित दुकानदार सुशीला ने बताया कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे इनकी बिक्री में भी तेजी आ रही है। पिछले एक हफ्ते में टब पूल की बिक्री लगभग दोगुनी हो गई है। खासकर दोपहर और शाम के समय ग्राहक ज्यादा खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। एमडीयू के पास रमेश कुमार दुकानदार ने बताया कि इस बार गर्मी जल्दी शुरू हो गई है। इसलिए टब पूल की डिमांड भी जल्दी बढ़ गई। पहले दिन में 4-5 पीस बिकते थे, अब 10-12 तक बिक रहे हैं।
बच्चों से लेकर बड़े भी ले रहे मजा
टब पूल केवल बच्चों तक सीमित नहीं रहे बल्कि बड़े भी इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। कई परिवार शाम के समय घर की छत या आंगन में पानी भरकर बैठते हैं और गर्मी से राहत पाते हैं। सैनीपुरा निवासी नीता शर्मा ने कहा कि बच्चों को बाहर ले जाना मुश्किल होता है, इसलिए हमने घर के लिए टब पूल लिया है। बच्चे इसमें खूब मस्ती करते हैं और हमें भी राहत मिलती है।