चार दिनों से चल रहे आरक्षण आंदोलन ने ट्रांसपोर्ट नगर को लाखों की चपत लगा दी। शहर की सरहदें जाम की वजह से ट्रक चालकों के लिए नासूर बन गई हैं। शहर से सटे गांवों में माल से लदे कई ट्रकों के पहिए थमे हैं। दिल्ली रोड से लेकर जींद रोड तक कई वाहनों को जाम खुलने का इंतजार है।
वहीं सुंदरपुर में करीब 20 से ज्यादा ट्रक चालक पिछले दो-तीन दिन से अटके हुए हैं। ऐसे में ट्रक चालकों को खाने-पीने की दिक्कतें भी शुरू हो गई हैं। वहीं ट्रांसपोर्ट्स की मानें तो आंदोलन के चलते लाखों का नुकसान हो रहा है।
रोड पर पेड काटकर डालने से सुंदरपुर की ओर से जाम लग गया।
लुधियाना से पलवल जाने के लिए निकले ट्रक चालक सरदार बच्छत्तर सिंह ने बताया कि वे दो दिनों से यहां अटके हुए हैं। आंदोलनकारी जाने नहीं दे रहे। ऐसे में अब खाने की भी दिक्कतें होने लगी है। कुछ ट्रक चालकों के पास राशन मौजूद है। ऐसे में आपस में खाना बनाकर बांट रहे हैं।
यदि जाम नहीं खुलता है तो परेशानी बढ़ जाएगी। इसी तरह लुधियाना से गुड़गांव ट्रक लेकर जा रहे नरेंद्र ने बताया कि कुछ घंटों का ही सफर बचा था, लेकिन अब दो दिन से एक ही जगह अटके हुए हैं।
युवकों ने की बदसलूकी
यहां आंदोलन कर रहे युवकों ने कई लोगों से बदसलूकी की। खाप नेताओं ने जाट भवन में हुई बैठक के दौरान कहा था कि बारात की गाड़ियों को नहीं रोका जाएगा लेकिन सुंदरपुर में दुल्हे की कार सहित बारात में शामिल तीन वाहनों को वापस लौटा दिया गया।
इधर कुछ युवक आने जाने वालों से बदसलूकी भी की। मोबाइल से फोटो लेेने की कोशिश करने वाले छात्रों के हाथों से मोबाइल भी छिनने का प्रयास किया गया।