रोहतक। चार ज्योतिर्लिंग की यात्रा करना रेलवे ने आसान बना दिया है। पैकेज के साथ चार ज्योतिर्लिंग और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी यात्रा के लिए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन का संचालन होगा। रेलवे की ओर से 25 अक्तूबर को ट्रेन का संचालन किया जाएगा। रोहतक के यात्री पानीपत, सोनीपत व अन्य स्टेशनों से ट्रेन में सवार होकर जा सकते हैं।
रेलवे ने चार ज्योतिर्लिंग और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी यात्रा के लिए विशेष भारत गौरव एक्सप्रेस चलाने का फैसला लिया है। नौ दिवसीय यात्रा पैकेज में देश के चार प्रमुख ज्योतिर्लिंग मंदिरों के साथ आधुनिक भारत की पहचान बन चुके स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दर्शन कराया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन का संचालन 25 अक्तूबर से होगा। यात्रा की शुरुआत अमृतसर से होगी और इसमें जालंधर, लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली कैंट और रेवाड़ी से यात्री ट्रेन में सवार हो सकेंगे।
रोहतक के यात्री ट्रेन संख्या-54025 से पानीपत पहुंचकर ट्रेन में सवार हो सकते हैं। साथ ही, ट्रेन संख्या-74018 व 54020 में यात्री रेवाड़ी पहुंचकर सवार हो सकते हैं।
-
महाकालेश्वर व सोमनाथ के कर सकेंगे दर्शन
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस यात्रा में उज्जैन के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर, द्वारका के नागेश्वर व सोमनाथ (गिर-सोमनाथ) ज्योतिर्लिंग मंदिरों के साथ गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर और केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दर्शन कराया जाएगा।
ट्रेन में कुल 762 यात्री सफर कर सकेंगे। इन्हें इकोनॉमी, स्टैंडर्ड और कम्फर्ट श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा। पैकेज में शाकाहारी भोजन, आवास, ट्रांसफर, दर्शनीय स्थलों की यात्रा, बीमा और सुरक्षा की सुविधा दी जाएगी।
भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन पानीपत, सोनीपत व अन्य स्टेशन से होकर संचालित होगी। रोहतक के यात्रियों काे जाना है तो इन स्टेशनों पर पहुंचकर सवार हो सकते हैं।
- बलराम मीना, स्टेशन अधीक्षक।