निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ शहर के अभिभावकों ने रविवार को मानसरोवर पार्क में पंचायत की। इसमें एमडीएन अभिभावक मंच सहित कई अन्य स्कूलों के अभिभावकों ने भी भाग लिया। इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 27 अप्रैल तक निजी स्कूलों की मनमानी पर अंकुश नहीं लगाया गया तो डीसी दफ्तर के बाहर अभिभावक अपने बच्चों की क्लास लगाएंगे।
पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि निजी स्कूल मनमानी पर उतारू हैं। कभी फीस वृद्धि तो कभी ड्रेस के नाम पर अवैध वसूली की जाती है। ऐसे में अभिभावकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसी के विरोध में हुई पंचायत में एमडीएन, डीपीएस, डीजीबी और स्कॉलर रोजरी आदि स्कूलों के अभिभावकों के अलावा नागरिक मंच, कर्मचारी संघ और दो जमा पांच मुद्दा आदि संगठनों ने भी समर्थन दिया।
पंचायत में फैसला लिया गया कि प्रशासन निजी स्कूलों पर लगाम नहीं लगाता तो 27 अप्रैल के बाद बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। यहां तक डीसी से लेकर अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के दफ्तरों के सामने ही बच्चों की क्लास लगाई जाएगी। पंचायत के बाद अभिभावकों ने डीसी के नाम ज्ञापन सीटीएम को सौंपा। इस मौके पर विनोद, ओमप्रकाश, सुभाष हुड्डा, डॉ. आरएस दहिया, सुनील, अंजू, आशा, पूनम, सत्यभान, यशवंत और हुक्मचंद मौजूद रहे।
ये है अभिभावकों की मांगें
- निजी स्कूलों की तरफ से बढ़ाई गई फीस को तत्काल वापस दिलाया जाए।
- अवैध शुल्क लगाकर बढ़ाई गई फीस को हटाया जाए।
- स्कूल ड्रेस के नाम पर स्कूलों की मनमानी पर प्रशासन रोक लगाए।
- एमडीएन और अन्य सभी निजी स्कूलों के अभिभावकों की मांग पूरी की जाए।
- नियम 134ए के तहत दाखिले की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
आज फिर डीसी से मिलेंगे अभिभावक
पंचायत के बाद अभिभावकों ने सोमवार सुबह 11 बजे डीसी अतुल कुमार से मिलने का फैसला लिया। इसमें अभिभावकों के अलावा शिक्षा विभाग के अधिकारी और निजी स्कूलों के प्रबंधन को भी बुलाया गया है। अभिभावकों का कहना है कि यदि इस बार भी निजी स्कूलों की तरफ से कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो अभिभावक भी कोई वार्ता नहीं करेंगे।