रोहतक। पैरा एशियाड में पदक जीतने के बाद जिले के चार खिलाड़ी देश लौट आए। इस दौरान उनके परिजन और शुभचिंतक उन्हें लेने दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचे। खिलाड़ियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
इन खिलाड़ियों में जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतने वाले रिंकू हुड्डा, तैराकी में तीन कांस्य पदक जीतने वाले हिमांशु नांदल, डिस्कस थ्रो में रजत पदक हासिल करने वाले राकेश कुंडू और डिस्कस थ्रो में ही कांस्य पदक जीतने वाली कर्मज्योति दलाल शामिल हैं।
टिटौली के राकेश सेना में नायक के पद पर तैनात हैं। वे गांव न आकर पहले सेना में अपनी यूनिट में गए हैं। हिमांशु भी अभी अपने गांव बोहर नहीं पहुंचे हैं। वे 30 अक्तूबर को गांव आ सकते हैं। वहीं, रिंकू अपने गांव धामड़ और कर्मज्योति दलाल अपने गांव चिड़ी देर शाम पहुंचीं।