दावे फेल: बोर्ड परीक्षा में हुई जमकर नकल
- फोटो : file photo
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल रुकने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को हुई 10वीं और 12वीं कक्षा की रेगुलर और री-अपीयर की परीक्षाओं में जमकर नकल चली, हालांकि केवल दो नकलची ही पकड़े गए। वहीं, खिड़वाली सेंटर पर एसटीएफ और डिप्टी डीईओ की फलाइंग की मौजूदगी में पेपर हुआ।
बता दें कि शनिवार को हुई परीक्षा में एसटीएफ फ्लाइंग को खिड़वाली सेंटर आउट आफ कंट्रोल मिला था और इसकी शिकायत भिवानी बोर्ड को की गई थी। इसी को देखते हुए बोर्ड सेक्रेटरी ने स्थानीय शिक्षा विभाग के अधिकारियाें को सेंटर पर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। इसी के चलते सेंटर पर ज्यादा पुलिस कर्मी लगाए गए।
सोमवार को 10वीं कक्षा की प्रथम सेमेस्टर री-अपीयर की गणित और 12वीं कक्षा की इतिहास व केमिस्ट्री विषयों की परीक्षा हुई। नकल की रोकथाम के लिए शिक्षा बोर्ड भिवानी और शिक्षा विभाग की ओर से अलग-अलग उड़न दस्ते गठित किए गए हैं। जिन्होंने सेंटरों पर बराबर अपनी नजर बनाई। मंगलवार को 10वीं के रेगुलर विद्यार्थियों की विज्ञान विषय की परीक्षा होगी।