संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से दिए जाने वाले युवा उद्यमी पुरस्कार के लिए जिले में सिर्फ 2 आवेदन किए गए हैं। विभाग की ओर से 30 दिसंबर तक आवेदन मांगे गए थे, लेकिन जिले से इस योजना में कम लोगों ने रुचि दिखाई है।
योजना के तहत पहले तीन स्थानों पर आने वाले युवाओं को सरकार की ओर से इनामी राशि दी जाएगी और प्रथम युवा को राज्य स्तर पर अपने बिजनेस को प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। इसके तहत सफल युवा उद्यमी को जिला व प्रदेश स्तर पर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर पुरस्कृत किया जाएगा।
जिला स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले युवाओं को जिला मुख्यालय इनाम देगा। इसमें पहले स्थान पर रहने वाले उद्यमी युवा को दस हजार, दूसरे स्थान पर साढ़े सात हजार और तीसरा स्थान पाने वाले युवा को पांच हजार रुपये इनाम दिया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तर पर प्रथम रहने वाले युवा उद्यमी को 50 हजार, दूसरा स्थान हासिल करने वाले युवा को 40 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले युवा को 30 हजार रुपये इनाम राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
वर्जन
सफल युवा उद्यमी पुरस्कार योजना के तहत जिले से आवेदन मांगे गए थे। इसके तहत केवल 2 आवेदन आए हैं। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।-सुनील यादव, प्राचार्य राजकीय आईटीआई कॉलेज रेवाड़ी।