रोहतक। ऑनलाइन गेम में पैसा हारने की लत ने 20 साल के बीकॉम छात्र को अपराध के दलदल में धकेल दिया। महम सीआईए पुलिस ने जनता कॉलोनी निवासी कृत को वीरवार को हथियार सप्लाई के आरोप में गिरफ्तार किया था।
आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के इशारों पर हथियारों की डिलीवरी करता था और डेढ़ माह में ही 20 से ज्यादा हथियार एक जगह से दूसरी जगह पहुंचा चुका है। आरोपी को पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है।
एसपी गौरव राजपुरोहित ने बताया कि महम सीआईए को सूचना मिली कि जनता कॉलोनी निवासी कृत हथियार सप्लाई करता है। फिलहाल, झज्जर रोड पर कन्हेली फ्लाईओवर के पास मौजूद है।
पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को पीठू बैग सहित दबोच लिया। आरोपी के पास से मेड इन चाइना पिस्तौल सहित दो हथियार, आठ कारतूस व विदेशी सिम बरामद हुई है।
पूछताछ में आरोपी कृत ने पुलिस को बताया कि उसे ऑनलाइन गेम खेलने की लत है। इसमें वह काफी पैसा हार गया था। इसी दौरान वह विदेश में बैठे हैंडलर के संपर्क में आ गया। उसने कहा कि वह उसका सारा कर्ज वह उतार देगा। उसे केवल बताई गई जगह से हथियार उठाकर दूसरी जगह रखकर आना है। उसे केवल उससे बात करनी है और किसी से नहीं। कभी मिलना तक नहीं है। आरोपी पिछले डेढ़ माह में 20 के करीब हथियार डिलीवर कर चुका था। अबकी बार वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
मां बोली-उसे नहीं पता बेटा अपराध की दुनिया में है शामिल : पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो चौंकाने वाले खुलासे से हैरान हो गई। उसके माता-पिता से पूछताछ की। सरकारी विभाग में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी कर रही मां ने बताया कि उनका बेटा बीकॉम प्रथम वर्ष में पढ़ता है। उन्हें नहीं पता था कि वह हथियार भी सप्लाई करता है।