अब प्याज भी लोगों को रूलाने लगा है। 10 दिन में प्याज के रेट में तेजी से वृद्धि हुई है। इससे रसोई घर का बजट बिगड़ चुका है। 10 दिन पहले नासिक का प्याज 25 से 30 रुपये किलो बिक रहा था, लेकिन आज वहीं प्याज दोगुने रेट में 55 से 60 रुपये किलो बिक रहा है। आढ़तियों और मासाखोरों की मानें तो पिछले दिनों महाराष्ट्र में अत्याधिक बारिश होने के कारण स्टॉक किया हुआ प्याज खराब हो गया।
इस कारण प्याज की आवक कम हो गई। वहीं, मंडी में राजस्थान के अलवर की लाल प्याज की आवक तेज होने के बाद ही नासिक के प्याज के रेट में गिरावट आएगी। प्याज के साथ-साथ टमाटर भी आंख दिखाने लगा है। फिलहाल टमाटर के रेट में भी 10 से 15 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, मौसम में बदलाव के कारण कई सब्जियों के रेट में भी गिरावट आई है।
एक सप्ताह पहले के रेट- अब के रेट
प्याज: 25 से 30 रुपये किलो- 55 से 60 रुपये किलो
टमाटर: 15 से 20 रुपये किलो- 30 से 40 रुपये किलो
गोभी: 30 से 40 रुपये किलो- 15 से 20 रुपये किलो
घीया: 25 से 30 रुपये किलो- 20 रुपये किलो
धनिया: 40 से 50 रुपये किलो- 20 से 25 रुपये किलो
ततिया मिर्च: 80 रुपये किलो-45 से 50 रुपये किलो
कच्ची मिर्च: 60 रुपये किलो-30 रुपये किलो
मटर: 200 रुपये किलो-150 से 160 रुपये किलो
मूली: 20 रुपये किलो- 10 रुपये किलो
प्रतिक्रिया
प्याज के रेट में तेजी से वृद्धि हुई है। 55 से 60 रुपये किलो प्याज बिक रहा है। अभी अलवर का प्याज आना शुरू हो चुका है। मगर उसकी डिमांड कम है। आवक तेज होने के बाद नासिक के प्याज के रेट में तेजी से गिरावट आएगी।
- सुरेंद्र, मासाखोर, नई सब्जीमंडी।
पिछले दिनों हिमाचल में बाढ़ आई थी। इसके साथ ही महाराष्ट्र में भी काफी बारिश हुई। इस दौरान स्टॉक किया हुआ प्याज खराब हो गया। इससे किसानों से लेकर व्यापारियों को नुकसान हुआ था। इस कारण नासिक से प्याज की आवक कम हो गई है।
- कृष्ण सैनी, आढ़ती, नई सब्जीमंडी।