रोहतक में थाना लाखनमाजरा थाना के अंतर्गत आने वाले गांव निदाना के पास एक युवक से हथियारों के बल पर चार बदमाश पांच हजार रुपये की नकदी व कार छीनकर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार बुधवार रात गांव खेड़ी महम निवासी संजय अपनी कार लेकर लाखनमाजरा से घर आ रहा था। गांव निदाना के पास पहुंचा तो सड़क पर खडे़ चार युवकों ने कार को रुकवा लिया।
कार रुकते ही युवकों ने संजय को पिस्तौल के बल पर काबू कर लिया और उसे जान से मारने की धमकी देकर नीचे उतार दिया। युवकों ने संजय की जेब से मोबाइल फोन, पांच हजार रुपये व गाड़ी छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद संजय ने इसकी सूचना लाखनमाजरा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लुटेरों की तलाश के लिए क्षेत्र की नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की, परंतु लुटेरों के बारे में सुराग नहीं लगा।
घनीपुरा से ढाई लाख रुपये की चोरी
रोहतक सिविल लाइन थाना के अंतर्गत घनीपुरा से चोर एक मकान का ताला तोड़कर दस हजार रुपये की नकदी समेत लाखों रुपये के जेवरात व अन्य सामान चोरी कर ले गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इस संबंध में जांच पड़ताल की। पुलिस ने मकान मालिक के बयान पर जांच आरंभ कर दी है। घनीपुरा निवासी विजय निझावन के मकान का ताला तोड़कर चोर करीब दस हजार रुपये की नकदी, तीन सोने की अंगूठी, एक जोड़ी झुमके व अन्य सामान चोरी कर ले गए।
घटना का पता वीरवार को उस वक्त लगा, जब परिवार के सदस्य उठे तो उन्होंने देखा कि कमरों का ताले टूटे हुए हैं और अलमारी से नकदी व जेवरात गायब है। चोरी का पता चलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एफएसएल की विशेषज्ञ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। चोरों का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वॉयड व फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ को मौके पर बुलाया, परंतु कोई सुराग नहीं मिला।