महाशिवरात्रि पर शहर के शिवालयों में जलाभिषेक की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिरों को रंगबिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है। कांवड़ियों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। शहर के 150 मंदिरों में जलाभिषेक होगा।
15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर किलोई स्थित प्राचीन शिव मंदिर और वैश्य कॉलेज रोड शिवालय में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। भक्तों के लिए अलग-अलग कतार बनाने की व्यवस्था की जा रही है।
जनता कॉलोनी स्थित श्री नर्मदेश्वर महालिंगम मंदिर से महाशिवरात्रि के अवसर पर विधि-विधान से भोले बाबा की बरात निकाली जाएगी। 14 फरवरी को भजन कीर्तन होंगे।
वैश्य कॉलेज रोड स्थित शिवधाम शिवालय मंदिर में नीलकंठ समाज सेवा मंदिर की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। सेवक सचिन ने बताया कि श्रद्धालुओं को कतारबद्ध करने के लिए रेलिंग भी लगाई जा रही है। मंदिर में वीरवार को महिला मंडल की ओर से कीर्तन किया गया। शुक्रवार को भस्म आरती की जाएगी।
वहीं, गोकर्ण तालाब स्थित बाबा लक्ष्मणपुरी डेरा में बने शिव मंदिर, सरकुलर रोड स्थित बाबा बालकपुरी डेरा स्थित शिव मंदिर, दुर्गा भवन मंदिर स्थित शिव मंदिर, झंग कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, गुफा वाला मंदिर, बोहर स्थित प्राचीन शिव मंदिर सहित शहर के 150 से अधिक मंदिरों व शिवालयों में जलाभिषेक होगा।
किलोई में होगा कुश्ती दंगल
प्राचीन शिव मंदिर ट्रस्ट धाम किलोई मंदिर की ओर से शिवरात्रि पर कुश्ती दंगल का आयोजन भी किया जाएगा। ट्रस्ट के प्रधान सोरभ अत्री ने बताया कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को ईनाम दिया जाएगा। महाशिवरात्रि पर किलोई मंदिर में मेला लगेगा। इसमें दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचेंगे।