रोहतक। मांगों को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संघ व फायर ब्रिगेड कर्मचारी 9 जुलाई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर जाएंगे। कर्मचारी ठेका प्रथा खत्म न करने, पोर्टल पर सफाईकर्मियों की हाजिरी लगाने और अन्य मांगों को पूरा न करने से नाराज हैं। शनिवार को रोहतक में हुई कर्मचारी संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री ने बताया कि सरकार लगातार सफाई ठेके पर करवा रही है। कर्मचारियों की एप पर हाजिरी लगवाई जा रही है। अभी तक सरकार ने मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत सफाई कर्मचारियों का वेतन 27 हजार रुपये नहीं किया है। सफाई व सीवर कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती नहीं की जा रही है।
हरियाणा कौशल रोजगार निगम में 5 वर्ष की सेवा अवधि पूरा करने वाले कर्मचारियों को 58 वर्ष की नौकरी की गारंटी का पत्र नहीं दिया है। 5 वर्ष की अवधि पूर्ण न करने वाले कर्मचारियों को नियमों में छूट देकर रोजगार की गांरटी दी जाए व सेवा विस्तार कर 2 माह का वेतन देने की मांग को लेकर पालिका व फायर कर्मचारियों में रोष है।
नरेश शास्त्री ने कहा कि मांगों को लेकर अग्निशमन विभाग के कर्मचारी 3 जून को प्रदेश के 89 फायर स्टेशनों पर काले झंडे लेकर प्रदर्शन करेंगे। 12 जून को अग्निशमन विभाग के महानिदेशक के पंचकूला कार्यालय का घेराव किया जाएगा। 10 जून को प्रदेश में पालिका, परिषद और निगमों के कर्मचारी काले झंडे व झाड़ू लेकर एक दिवसीय धरना देंगे।
23 जून को प्रदेश के निकाय व फायर कर्मचारी मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों के आवास के बाहर प्रदर्शन कर मांग पत्र देंगे। 7 जून को अंबाला व रोहतक मंडल, 14 जून को गुरुग्राम व करनाल और 21 जून को फरीदाबाद व हिसार मंडल में कर्मचारी बैठक करेंगे। बैठक में मांगेराम, उप प्रधान रमेश, कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह सांगलिय, मुख्य संगठनकर्ता शिवचरण, उप प्रधान राजेश व राजेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।