संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) झज्जर की ओर से जारी एवरेज बिलों को ठीक कराने के लिए हर माह औसतन 500 से 700 उपभोक्ता निगम कार्यालय पहुंच रहे हैं। पिछले 10 माह में 5382 एवरेज बिलों में सुधार किया गया है। फरवरी में सबसे अधिक 1176 एवरेज बिल ठीक किए गए। वहीं, पिछले 10 माह में 6137 उपभोक्ताओं को एवरेज बिल जारी किए गए हैं।
निगम की ओर से सामान्य तौर पर हर दो माह में बिजली बिल जारी किए जाते हैं। कुछ उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार एक माह में भी बिल लेते हैं। जिले के कई गांवों में अब भी घरों के अंदर मीटर लगे हैं। वहीं, कई घरों और संस्थानों में लंबे समय से कोई उपभोक्ता नहीं रहता। तकनीकी खराबी के कारण मीटर की रीडिंग नहीं हो पाने पर भी एवरेज बिल जारी किया जाता है।
अक्तूबर में 6137 मीटर एवरेज बिल की श्रेणी में थे, जबकि अगस्त में अब तक यह संख्या घटकर 755 रह गई है। निगम ने खराब मीटरों को ठीक करने के साथ जरूरत के अनुसार नए मीटर भी लगाए हैं। घरों के अंदर लगे कई मीटरों को बाहर लगाया गया है, जिससे रीडिंग लेने में आसानी हो रही है और वास्तविक खपत के आधार पर बिल तैयार किए जा रहे हैं।
निगम की ओर से एवरेज बिलों की संख्या कम करने के लिए मीटरों की जांच जारी है। खराब मीटरों को ठीक या बदलने की प्रक्रिया भी चल रही है। लक्ष्य एवरेज बिल की समस्या को न्यूनतम स्तर तक लाना है।
पिछले साल की खपत के आधार पर तैयार होता है बिल
किसी मीटर की रीडिंग नहीं मिलने पर निगम कर्मचारी पिछले वर्ष के उसी माह की खपत और रीडिंग को आधार बनाकर एवरेज बिल तैयार करते हैं।
अक्तूबर से अब तक के एवरेज बिजली बिल
माह एवरेज बिजली बिलों की संख्या इतने एवरेज बिल हुए ठीक
मार्च - 2957 606
अप्रैल - 2440 517
मई - 1792 648
जून - 1494 298
जुलाई - 1223 271
अगस्त में अब 755 468
वर्जन
जिले में एवरेज बिलों की संख्या में पिछले महीनों से काफी सुधार हुआ है। बिजली के एवरेज बिलों को कम करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
यशबीर सिंह, अधीक्षण अभियंता, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम झज्जर