रोहतक। एसडीएम आशीष कुमार ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अधिकारियों से अपनी-अपनी जिम्मेदारियाें को लेकर तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त अजय कुमार के दिशा निर्देशानुसार चुनाव को लेकर अधिकारियों की बैठक के दौरान उन्होंने यह बात कहीं।
एसडीएम आशीष कुमार ने सभी विभागों के अधिकारियों को उनकी ड्यूटी में कर्तव्य के बारे में अवगत कराया। मैनपॉवर मैनेजमेंट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी की है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वह तुरंत प्रभाव से डीआईओ को अपडेटेड डाटा भेजें। इसके साथ ही यह भी बताया जाए कि संबंधित कार्यालय में कौन से अधिकारी अथवा कर्मचारी का तबादला हुआ है या फिर सेवानिवृत्ति हो चुकी है। ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट का कार्य जीएम रोडवेज व आरटीए रोहतक द्वारा किया जाना है। साइबर सिक्योरिटी की जिम्मेदारी पुलिस विभाग पर रहेगी।
बाक्स
मतदान के प्रति जागरूक करने को आयोजित होगी स्वीप गतिविधियां
मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए स्वीप गतिविधियां आयोजित की जाएगी। कानून व्यवस्था तथा जिला सिक्योरिटी प्लान के बारे में भी निर्देश जारी किए गए। ईवीएम मैनेजमेंट, आदर्श चुनाव आचार संहिता के क्रियान्वयन, एक्सपेंडिचर मॉनिटरिंग, बैलट पेपर, डमी बैलेट, पोस्टल बैलट, पेपर, मीडिया, कम्युनिकेशन प्लान, मतदाता सूची, हेल्पलाइन टोल फ्री 1950, जन शिकायतों का निवारण, एसएमएस मॉनिटरिंग एंड कम्युनिकेशन प्लान, कंट्रोल रूम, मतगणना केंद्रों की तैयारी, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं, जिला चुनाव प्रबंधन योजना तथा वाहनों के परमिट आदि के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए। बैठक में नगर निगम की संयुक्त आयुक्त अंकिता वर्मा, डीआइओ डॉ. जितेंद्र मलिक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल व चुनाव तहसीलदार हनुमान दास सहित कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे।