रोहतक। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गुलशन डंग ने कहा कि भाजपा के 31 अक्तूबर को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन से दिवाली के व्यापार पर असर पड़ सकता है। इससे बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने और व्यापारियों को हजारों करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका है।
उन्होंने भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर पार्टी कांग्रेस की दिल्ली रैली का विरोध कर रही है। वहीं दूसरी ओर खुद देशभर में प्रदर्शन करने जा रही है।
डंग ने कहा कि हाल ही में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से भी व्यापारियों और छोटे उद्योगों को परेशानी हुई थी। उन्होंने भाजपा से अपील की कि दिवाली के महत्वपूर्ण व्यापारिक सीजन को देखते हुए 31 अक्तूबर के विरोध प्रदर्शन पर पुनर्विचार किया जाए, ताकि व्यापार, रोजगार और बाजारों की रौनक प्रभावित न हो। संवाद