एएनएम-जीएनएम छात्राओं ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
एएनएम-जीएनएम नर्सिंग की छात्राओं ने दो साल से अटकी पड़ी परीक्षाओं को करवाने की मांग को लेकर हेल्थ यूनिवर्सिटी के वीसी कार्यालय के मेन गेट पर तालाबंदी कर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो धरना शुरू किया जाएगा।
एसएफआई के तत्वावधान में सोमवार को एएनएम-जीएनएम नर्सिंग छात्राएं कुलपति कार्यालय पर पहुंचकर धरने पर बैठ गईं। इस दौरान संगठन की जिला सचिव सपना ने कहा कि 2013-2014 में एएनएम-जीएनएम की छात्राओं ने दाखिला लिया था। 2016 में इनका कोर्स पूरा होना था। सितंबर माह में उनके परीक्षा फार्म भी भरवाए गए, लेकिन आज तक इनकी परीक्षा नहीं करवाई गई।
राज्य सचिव सुमित ने कहा कि एक तरफ सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा दे रही है और दूसरी तरफ प्रदेश में 12 हजार से अधिक नर्सिंग छात्राओं की परीक्षा नहीं कराकर उनसे शिक्षा का अधिकार छीना जा रहा है। छात्राएं काफी देर तक कुलपति कार्यालय के बाहर बैठी रहीं, लेकिन वीसी के नहीं मिलने पर उन्होंने मेन गेट पर ताला जड़ दिया। घंटों तक धूप में बैठने के कारण छात्रा सुमन बेहोश हो गई, जिसका आनन-फानन में पीजीआई में उपचार करवाया गया। छात्र संगठन ने चेतावनी दी कि 14 जुलाई को दोबारा से विरोध-प्रदर्शन कर धरना दिया जाएगा। जनवादी नौजवान सभा ने भी इस प्रदर्शन का समर्थन किया। इस मौके पर सोनिया, मधु, प्रियंका, शरफी, गीता, अखिलेश, अर्जुन और सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।