संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। सरल केंद्र में पिछले तीन दिनों से इंटरनेट सेवा ठप होने के कारण ऑनलाइन कामकाज प्रभावित रहा। ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए पहुंच रहे लोगों को बिना काम करवाए वापस लौटना पड़ा। लोग सुबह से ही केंद्र के चक्कर काट रहे थे। हालांकि मंगलवार दोपहर बाद नेट चालू हो गया।
सरल केंद्र में शुक्रवार शाम को इंटरनेट सेवा बाधित हो गई थी। पता चला कि बंदरों ने इंटरनेट की तार तोड़ दी थी, लेकिन यह पता नहीं चल पाया कि तार कहां से टूटी है। ऐसे में कर्मचारी सोमवार और मंगलवार को तार ढूंढते रहे, लेकिन मंगलवार दोपहर को टूटी हुई तार का पता चला। इसके बाद तार जोड़ी गई और इंटरनेट बहाल हो पाया।
गौरतलब है कि सरल केंद्र में विभिन्न विभागों की सरकारी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेजों से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं। इनमें ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड और बिजली कनेक्शन से संबंधित सेवाएं प्रमुख हैं। इसके अलावा कई सरकारी योजनाओं के आवेदन और प्रमाण पत्रों की स्थिति जांचने का काम भी यहीं होता है।
पिछले तीन दिनों से इंटरनेट कनेक्टिविटी न होने के कारण इन सेवाओं से जुड़े काम अटके रहे। दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई लोग जरूरी दस्तावेज लेकर केंद्र पहुंचे, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा। इससे उनका समय और आने-जाने का खर्च दोनों बर्बाद हुए।
शहरवासी सुखदेव, सुखबीर, धर्मसिंह और रामनिवास का कहना है कि सरल केंद्र में सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की गई है, लेकिन इंटरनेट ठप होने से पूरा कामकाज प्रभावित हो गया। यदि तकनीकी खराबी है तो संबंधित विभाग को तुरंत इसे ठीक करवाना चाहिए।
सरल केंद्र का इंटरनेट कनेक्शन कुछ तकनीकी कारणों से बंद हो गया था, लेकिन मंगलवार को दुरुस्त कर दिया गया।
सुरेश दूहन, जूनियर प्रोग्रामर, सरल केंद्र जींद