संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। लघु चिड़ियाघर घूमने आने वाली छोटे बच्चों की मांओं के लिए अच्छी खबर है। चिड़ियाघर प्रशासन ने चिड़ियाघर के मुख्य द्वार एवं टिकट काउंटर के पास शिशु आहार कक्ष (स्तनपान कक्ष) बनाया है। यहां महिलाएं बिना संकोच अपने शिशुओं को स्तनपान करा सकेंगी। इससे न शिशु भूखा रहेगा और न मां की ममता असहज होगी।
रोहतक-दिल्ली हाईवे स्थित लघु चिड़ियाघर व तिलियार पर्यटन केंद्र शहर का प्रसिद्ध पर्यटक स्थल है। यहां रोहतक व आसपास के ही नहीं बल्कि दिल्ली एनसीआर व दूर-दूर से प्रतिदिन करीब 800 पर्यटक घूमने आते हैं। इनमें ज्यादातर महिलाएं व बच्चे होते हैं।
ऐसे में अक्सर यहां आने वाली माताओं को स्तनपान कराने में असहजता होती थी। कई बार यहां शिशु स्तनपान कक्ष बनाने की मांग भी उठी थी। चिड़ियाघर प्रशासन ने शिशु स्तनपान कक्ष तैयार कर माताओं को बड़ी राहत दी है। इस कक्ष में आरामदायक सोफा भी रखा गया है।
पर्यटकों में जानकारी का अभाव
लघु चिड़ियाघर में शिशु स्तनपान कक्ष या शिशु आहार कक्ष बनाया गया है लेकिन इसकी सभी पर्यटकों को जानकारी नहीं है। वीरवार को लघु चिड़ियाघर में बोतल से पोते को दूध पिला रहीं मकड़ौली निवासी दादी सतवंती ने बताया कि उन्हें स्तनपान कक्ष की जानकारी नहीं है तभी वे बोतल से बच्चे को दूध पिला रही हैं। अगर पहले पता होता तो उनकी बहू ही बच्चे को दूध पिला देतीं। वहीं, एक अन्य महिला पर्यटक सविता ने भी कहा कि उन्हें इस स्तनपान कक्ष की जानकारी नहीं है।
रोडवेज स्टैंड पर भी बना है शिशु स्तनपान कक्ष
शहर के नया बस स्टैंड पर भी एक शिशु स्तनपान कक्ष बनाया गया है। इस स्तनपान कक्ष का निर्माण मार्च 2024 में काउंटर संख्या 25 के पास किया गया था। तभी से इस शिशु स्तनपान कक्ष की महिलाओं को सुविधा मिल रही है। इसमें रोजाना चार से पांच महिलाएं शिशु काे स्तनपान कराती हैं।
वर्जन-
-वन्य प्राणी विभाग की ओर से लघु चिड़ियाघर में ही महिला पर्यटकों के लिए शिशु स्तनपान कक्ष अथवा शिशु आहार कक्ष बनाया गया है। इसमें महिलाएं बच्चों को निसंकोच स्तनपान करा सकती हैं। परिसर में सफाई व हरियाली पर भी जोर दिया गया है।
-राजेश कुमार, इंचार्ज, लघु चिड़ियाघर, रोहतक।
25...लघु चिड़ियाघर परिसर में बनाया गया शिशु स्तनपान कक्ष। संवाद