संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) ने कैंपस में आवारा कुत्तों का प्रवेश रोकने व साफ-सफाई की देखरेख के लिए प्रोफेसर इंचार्ज (सामान्य प्रशासन) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। विवि प्रशासन ने 24 दिसंबर को अधिसूचना जारी कर आवश्यक प्रबंध किए हैं।
उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा सरकार के निर्देश के अनुसार प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान में एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति अनिवार्य की गई है। नोडल अधिकारी का विवरण संस्थान के मुख्य द्वार पर प्रदर्शित किया जाना भी आवश्यक है।
विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दिन-प्रतिदिन के क्रियान्वयन, आपसी समन्वय व प्रभावी निगरानी के उद्देश्य से सहायक कुलसचिव (जनरल) को इस व्यवस्था का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सहायक कुलसचिव (जनरल) सामान्य प्रशासन के अंतर्गत प्रोफेसर इंचार्ज (जनरल एडमिनिस्ट्रेशन) के समग्र मार्गदर्शन में दायित्व का निर्वहन करेंगे।
विवि प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जारी अधिसूचना में प्रोफेसर इंचार्ज (जनरल एडमिनिस्ट्रेशन) के नाम में हुई त्रुटि अनजाने में हुई है जिसे शीघ्र ही संशोधित किया जा रहा है। इस त्रुटि का नोडल अधिकारी की भूमिका, कार्य वितरण अथवा कार्यप्रणाली पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
विवि प्रशासन ने सभी अधिष्ठाताओं, निदेशकों, विभागाध्यक्षों, शाखा प्रमुखों व संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए सहयोग प्रदान करें।