फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोहलत: अब 7 दिन में जमा करवाएं फीस, नहीं लगेगा जुर्माना

Thu, 28 Jan 2016 02:26 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
विज्ञापन
स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स के छात्रों को फीस जमा करवाने के लिए सात दिनों की और मोहलत मिल गई है। पहले फीस जमा करवाने की अंतिम तिथि 27 जनवरी थी लेकिन जिला कोर्ट ने विद्यार्थियों को थोड़ी राहत दे दी।
विज्ञापन


दरअसल, स्टेट यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने तीन दिन पहले विद्यार्थियों को फीस जमा करवाने का नोटिस दिया था। इसमें चेतावनी दी गई थी कि अगर 27 जनवरी तक फीस जमा नहीं कराई गई तो छात्रों के नाम काट दिए जाएंगे। इस नोटिस को छात्रों ने जिला कोर्ट में चुनौती दी।

 इस मामले में बुधवार को जिला कोर्ट ने एमडीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. बी.एस. सिंधु और स्टेट यूनिवर्सिटी के डीन प्रो. डी.एस. कपूर को तलब किया। इस दौरान स्टेट यूनिवर्सिटी और छात्रों के वकीलों ने अपनी-अपनी दलीलें रखीं। दोनों वकीलों का पक्ष सुनने के बाद जज मंजीत पाल की कोर्ट ने छात्रों को थोड़ी राहत दी है।
विज्ञापन


उन्होंने छात्रों को फीस जमा कराने के लिए सात दिन का अतिरिक्त समय दिया। इस सात दिनों में छात्र बिना किसी जुर्माने के फीस जमा करा सकेंगे। वहीं, जज ने विवि के डीन डॉ. कपूर को डेकोरम में रहने की सलाह दी।

20 फरवरी तक उपलब्ध करवाएं डीएमसी और रजिस्ट्रेशन नंबर
कोर्ट ने स्टेट यूनिवर्सिटी और एमडीयू के प्रशासन को डीएमसी के संबद्ध में 20 फरवरी को जवाब मांगा है। कोर्ट ने आदेश दिए हैं कि 20 फरवरी से पहले सभी विद्यार्थियों को उनकी डीएमसी और रजिस्ट्रेशन नंबर उपलब्ध कराए जाएं।

इधर, पुलिस पहुंची कैंपस, नहीं टूटी हड़ताल
स्टेट यूनिवर्सिटी कैंपस में बुधवार को भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को हटाने पुलिस भी कैंपस में पहुंच गई। हालांकि जब छात्रों ने बताया कि उनकी हड़ताल शांतिपूर्वक चल रही है तो पुलिस लौट आई। उलटा पुलिस के आने के बाद छात्र संगठन जरूर सक्रिय हो गए।

विभिन्न छात्र संगठनों के नेतृत्व में परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स के छात्र वीसी और डीसी को ज्ञापन देने के लिए पहुंचे। डीसी की अनुपस्थिति में छात्रों ने उनके पीए को ज्ञापन दिया। दूसरी ओर, विवि में शिक्षक अजय यादव और विनय ने छात्रों का ज्ञापन लिया।

छात्रों ने मानी कोर्ट की बात, आंदोलन किया खत्म
स्टेट यूनिवर्सिटी कैंपस में चल रही छात्रों की क्रमिक भूख हड़ताल बुधवार को देर शाम खत्म हुई। आंदोलन स्थल पर हुई प्रेसवार्ता में छात्रों ने कहा कि कोर्ट ने फीस जमा कराने के लिए सात दिन का समय दिया है। जल्द ही उनके अभिभावक स्टेट यूनिवर्सिटी के वीसी अश्वनी सभरवाल से मिलेंगे।

छात्र संगठनों ने दिया समर्थन, वीसी से मिले
यूनिवर्सिटी कैंपस में चल रहे छात्रों के आंदोलन को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, दिशा छात्र संगठन, एनएसयूआई, एबीवीपी और इनसो ने समर्थन दिया है।

 एसएफआई के नेतृत्व में छात्रों का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को वीसी से मिला। वीसी ने छात्रों को बताया कि एमडीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. बी.एस. सिंधु से बातचीत हो गई है। छात्रों की डीएमसी बन चुकी है, लेकिन सॉफ्टवेयर में खामियों के चलते प्रिंट नहीं हो पा रही हैं। फाइन आर्ट्स के छात्रों के फाइनल ईयर के एग्जाम होने के बाद डिग्री मिल जाएगी। जिन छात्रों ने यह कोर्स पूरा कर लिया है, उन्हें फिलहाल प्रोविजनल डिग्री दी जाएगी।

इसमें 15 से 20 दिन का समय लग सकता है। यह डिग्री भी मूल डिग्री की तरह ही मान्य होगी। वहीं, दो से तीन दिन के भीतर विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन नंबर भी ऑनलाइन कर दिए जाएंगे।

सीएम और ईरानी को भेजा ज्ञापन
छात्रों ने सीएम मनोहर लाल और केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी को भी डाक के माध्यम से ज्ञापन भेजा है। इसमें छात्रों ने अपनी सभी समस्याओं के बारे में बताया है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें