रोहतक। सिटी बस सेवा के लिए आईं इलेक्ट्रिक बसों का संचालन रोडवेज डिपो प्रशासन के लिए परेशानी बढ़ाने वाला साबित हो रहा है। जनता की बेहतर सुविधाओं के लिए आईं इलेक्ट्रिक बसें अब डिपो के गेट नंबर एक से चलेंगी।
अब तक ये बसें बूथ नंबर एक से चलाई जा रही थीं। गेट नंबर एक से ऑटो-रिक्शा के प्रवेश व वाहन पार्किंग के चलते बस परिचालन में बाधा होने के साथ पार्किंग व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
शहर में सिटी बस सेवा सुविधा शुरू करने के लिए पिछले दिनों मुख्यालय से पहुंची स्टेट टीम ने सिटी बस सेवा के लिए सर्वे किया था। इस दौरान इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन में बदलाव की योजना बनाई गई। डिपो प्रशासन ने बस परिचालन में बदलाव करते हुए इनका संचालन बस अड्डे के गेट नंबर एक से कर दिया। यहीं से बस अड्डा कार्यालय अधिकारी, दो-पहिया वाहन पार्किंग, ऑटो-रिक्शा चालकों का प्रवेश होता है। इलेक्ट्रिक बसों को घुमाने के लिए यहां जगह कम पड़ती है।
दोपहिया वाहनों की पार्किंग का गेट बनेगा बाहर
रोडवेज संस्थान प्रबंधक हंसराज ने बताया कि मुख्यालय की टीम व महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में पार्किंग व्यवस्था में बदलाव की योजना है। फिलहाल, वाहनों की पार्किंग के लिए प्रवेश गेट-1 के अंदर से हो रहा है। सिटी बस सेवा के लिए निजी वाहन पार्किंग का प्रवेश द्वार गेट नंबर एक के साथ ही बनाया जाएगा।
ऑटो चालकों पर होगी कार्रवाई
बस अड्डे के तीनों गेटों पर ऑटो-रिक्शा चालकों की भीड़ लगी रहती है। बार-बार हिदायत देने के बाद भी ऑटो-रिक्शा चालक बाहर खड़े रहते हैं। इससे गेट के सामने जाम की स्थिति बन जाती है। रोडवेज बसों का डिपो में प्रवेश या निकासी का रास्ता बंद हो जाता है। जिला व पुलिस प्रशासन को इस बारे में अवगत कराया जा चुका है।
इलेक्ट्रिक बसों का बस अड्डा के गेट-1 से संचालन किया जा रहा है। अभी के लिए निरंतर इसी गेट से बस आवागमन करेंगी।
- सुरेंद्र सिवाच, कर्मशाला प्रबंधक, रोडवेज।