रोहतक। रिटौली में भाऊ व बाबा गैंग में हुई गैंगवार के बाद से पुलिस को फरार आरोपियों की तलाश है। वारदात के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है। इनकी तलाश में छानबीन के साथ जग-जगह दबिश दी जा रही है।
पुलिस रिटौली गैंगवार के हमलावरों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसी कड़ी में अब तक दस से ज्यादा जगहों के सीसीटीवी जांचे जा चुके हैं। इसके अलावा संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इनसे पूछताछ में कुछ मदद मिलने की उम्मीद है।
शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। संदिग्ध ठिकानों पर छापा मारा जा रहा है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास जारी है।
यह है मामला
बता दें कि 19 दिसंबर की शाम को रिटौली के शराब ठेके पर बाबा व भाऊ गैंग के बीच गैंगवार हुई थी। यहां दोनों पक्षों के बीच अंधाधुंध 40 से ज्यादा राउंड फायर हुए। इस गोलीबारी में महराणा निवासी दीपांशु की मौत हो गई। आसौदा निवासी रोहित उर्फ रेसको का निजी अस्पताल व सुंडाना दीपक दो गोलियां लगने के कारण पीजीआई में उपचाराधीन है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।