24 किला रोड पर पड़ी गंदगी के पास से गुजरती युवतियां। संवाद
रोहतक । नगर निगम की ओर से भले ही सफाई को लेकर अभियान के दावे किए जा रहे हो लेकिन वास्तव में अभी शहर के बाजारों में कूड़े के ढेरे देखे जा सकते हैं। त्योहार पर बाजारों में बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचने लगे है तो उन्हें सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं मिल रही है। ऐसे में ग्राहक अधिकारियों को कोस रहे हैं.
शहर के किला रोड पर बुधवार को दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। यहां पर न केवल कूड़े के ढेरे देखे गए बल्कि बारिश के पानी की निकासी के भी इंतजाम अधूरे हैं। ऐसे में यहां ग्राहकों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। वहीं, नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान शंभु ने बताया कि नगर निगम के पास पर्याप्त सफाई कर्मचारी नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले जब शहर में 12 वार्ड थे तो 1400 से सफाई कर्मचारी होते थे लेकिन अब 22 वार्ड हो गए हैं तो संख्या 660 है। सफाई कर्मचारियों के पास कूड़ा उठाने वाली रेहड़ी भी नहीं है। वहीं, निगम की ओर से 250 सफाई कर्मचारी और लगाए जाने की प्रक्रिया छह महीने से चल रही है लेकिन हल नहीं हुआ है।
ऐसे में साफ है कि न तो सफाई कर्मचारी पर्याप्त हैं और न ही संसाधन, तो शहर स्वच्छ कैसे होगा। उधर, नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सफाई को लेकर विशेष अभियान भी चलाया गया है। स्वच्छता पर विशेष फोकस किया जा रहा है।