रेवाड़ी। पटौदी फ्लाइओवर के पास कार की टक्कर से चार साल के बच्चे की मौत हो गई। आयुष परिवार का इकलौता बेटा था पिता मजदूरी करते हैं। राजस्थान के जयपुर का रहने वाला परिवार शीतला माता मंदिर में दर्शन कर वापस राजस्थान लौट रहा था। पटौदी फ्लाइओवर के पास सड़क पर खड़े आयुष को कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ड्राइवर कार सहित मौके से फरार हो गया।
झुंझनू के नानूवाली गांव के नरेंद्र ने बताया कि उनका परिवार माता शीतला के दर्शन करने गया था। उनके साथ जयपुर की उसकी बहन और उनका चार साल का बेटा आयुष भी था। शुक्रवार देर शाम वापसी में उन्हें नारनौल होकर खेतड़ी जाना था। पत्नी और बहन को उल्टी होने पर गाड़ी को पटौदी फ्लाइओवर पर रोक दिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में दो कार आई और एक कार ने आयुष को टक्कर मार दी और कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस ने नरेंद्र की शिकायत पर अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।