फोटो 28- सोनीपत के सेक्टर-15 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई करते विद्य
सोनीपत। जिले के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में निपुण अभियान के तहत कक्षा पहली से कक्षा तीसरी तक के विद्यार्थियों का अक्तूबर में मूल्यांकन करवाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने 24 बीएड उत्तीर्ण विद्यार्थियों का चयन किया है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से जल्द 55 प्राथमिक विद्यालयों की सूची जारी की जाएगी।
निपुण अभियान के अंतर्गत बीएड के विद्यार्थी विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा लेकर मूल्यांकन करेंगे। कक्षा प्रभारी शिक्षकाें को परीक्षा से दूर रखा जाएगा।
परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर विभाग विद्यार्थियों का मूल्यांकन करेगा। जो विद्यार्थी निर्धारित मापदंड पूरे करेगा, उसे निपुण की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। मूल्यांकन के लिए विद्यालयों का चयन निदेशालय की ओर से किया जाएगा। इसकी सूची जल्द विभाग के पास भेजी जाएगी। मूल्यांकन में पारदर्शिता लाने के लिए सोनीपत के 16 व झज्जर के 8 बीएड उत्तीर्ण विद्यार्थी टीम में शामिल किए गए हैं।
मूल्यांकन में विद्यार्थियों से हिंदी पढ़ने की गति, गणित विषय में जमा-घटा के सवाल व हिंदी में प्रश्न हल करना जैसे कार्य कराए जाएंगे। योजना के अंतर्गत शिक्षण कार्य में सुधार लाने के लिए विभाग की ओर से शिक्षकों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।