रोहतक। नए शैक्षणिक सत्र में दाखिले को आसान बनाने के लिए पं नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के लिए फ्री ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म भरने की सुविधा शुरू की है। कॉलेज की बीबीए और बीसीए कंप्यूटर लैब में छात्रों के आवेदन निशुल्क भरे जा रहे हैं जहां शिक्षकों और तकनीकी स्टाफ की ओर से पूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्राचार्य प्रो. सुरेंद्र सांगवान ने बताया कि कॉलेज परिसर में ही ऑनलाइन एडमिशन की सुविधा देने का उद्देश्य विद्यार्थियों की परेशानियों को कम करना है। उन्होंने कहा कि यहां छात्रों को दस्तावेज अपलोड करने, विषय चयन करने और फॉर्म भरने में एक्सपर्ट सपोर्ट मिल रहा है जिससे आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल और सुरक्षित हो गई है।
विज्ञापन
गलत कोर्स और विषय चयन की समस्या होगी दूर
सीबीएसई और हरियाणा शिक्षा बोर्ड के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया तेज हो गई है। ऐसे में कई विद्यार्थी जल्दबाजी में गलत कॉलेज, गलत कोर्स या गलत विषय भर देते हैं। इसके बाद में उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है। कॉलेज प्रशासन ने इसी समस्या को देखते हुए यह पहल शुरू की है।
इस पहल से विद्यार्थियों को साइबर कैफे पर अतिरिक्त पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लंबी लाइनों में लगने और तकनीकी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। कॉलेज में ही सहायता मिलने से छात्र बिना किसी भ्रम के आसानी से अपना आवेदन पूरा कर पा रहे हैं। इस सुविधा का सबसे अधिक लाभ ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मिलने की उम्मीद है। कई छात्रों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी नहीं होती या तकनीकी सहायता उपलब्ध नहीं हो पाती।