भिवानी। शहर के एक निजी अस्पताल में बीमार महिला को फंगस वाली ग्लूकोज चढ़ाने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने जब ग्लूकोज की बोतल में फंगस देखी तो हंगामा हो गया। आरोप है कि अस्पताल की जिस दुकान से ये ग्लूकोज ली, उस दुकानदार ने न गलती मानी न कोई अफसोस जताया। बल्कि उल्टा बोतल छीनकर भागने लगा। वहीं अस्पताल के डॉक्टर ने मानवीय भूल बताते हुए कहा कि हम जानबूझ कर ऐसा नहीं करते। वहीं महिला के पति अरविंद ने कहा कि वो अस्पताल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराएंगे ताकि भविष्य में ऐसी जानलेवा लापरवही ना हो।
अरविंद ने बताया कि उसकी पत्नी पूजा को छाती में दर्द होने के चलते सांस लेने में परेशानी थी। शुक्रवार को उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। भर्ती होने के बाद उसे ग्लूकोज चढ़ाई गई। ग्लूकोज की पहली बोतल ठीक थी पर जब दूसरी बोतल लगाई गई तो अचानक उसका ध्यान उस पर चला गया। अरविंद ने देखा कि पूजा को जो ग्लूकोज चढ़ाई जा रही है, उसमें कीड़े जैसा कुछ है। उसने तुरंत ग्लूकोज की बोतल बंद कर दी। इस दौरान देखा तो पाया कि बोतल में फंगस ही फंगस है। अरविंद ने इसकी सूचना दुकानदार व निजी अस्पताल के डॉक्टर को दी। अरविंद का आरोप है कि अस्पताल की जिस दुकान से ये ग्लूकोज की बोतल ली गई थी, उस दुकानदार ने न गलती मानी न कोई अफसोस जताया। उल्टा बोतल छीन कर भागने लगा। वहीं जब अस्पताल के डॉक्टर को बताया तो उसने मानवीय भूल बताया और कहा कि हम जानबूझ कर ऐसा नहीं करते। अरविंद ने कहा कि वो अस्पताल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे ताकि भविष्य में और किसी के साथ ऐसी जानलेवा लापरवाही ना हो। वहीं इस बारे में निजी अस्पताल के डॉक्टर से बात की तो उन्होंने सफाई दी कि इस बोतल में ऐसा फंगस था जो नंगी आखों से दिखाई भी नहीं देता। उन्होंने कहा कि ये बोतल क्रेक थी और सूई लगाने पर फंगस ऊपर आ गई। हालांकि उन्होंने माना कि ये मानवीय भूल है जो किसी से हो सकती है। डॉक्टर ने कहा कि हमने जानबूझ कर ऐसा नहीं किया।