सोनीपत। खरखौदा बाईपास पर गोदाम में रखी पुलिस की जब्त की गई शराब की तस्करी का मामला खुलने के बाद अब इसकी जांच पंजाब तक की जाएगी। एसआईटी शराब तस्करी के मामले के पूरी तरह खुलासे के लिए पंजाब पुलिस की भी मदद लेगी। इसके लिए पंजाब पुलिस से संपर्क किया गया। इस मामले में पुलिस कर्मियों व तस्करों समेत 18 लोगों पर मुकदमा दर्ज हो चुका है और कई अन्य नाम संदेह के घेरे में है। भूपेंद्र से पूछताछ के बाद अब बर्खास्त इंस्पेक्टर जसबीर की गिरफ्तारी के बाद कई बड़े नाम सामने आने की उम्मीद है। पुलिस अभी तक जसबीर को गिरफ्तार नहीं पाई है। सोनीपत पुलिस ने पंजाब के राजपुरा स्थित एनवी शराब कंपनी को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भी भेज दिया है।
खरखौदा से शराब की तस्करी कई राज्यों तक किए जाने का खुलासा हुआ था। अंतरराज्यीय शराब तस्कर भूपेंद्र ने एसआईटी की पूछताछ में बताया था कि वह शराब पंजाब से लेकर आता था। शराब फैक्टरी से मानकों को ताक पर रखकर शराब उसे दे दी जाती थी। पंजाब से तस्करी की शराब भूपेंद्र के ट्रकों में प्याज व अन्य सामान के नीचे रखकर खरखौदा लाई जाती थी। अब इस मामले में जांच का दायरा एसआईटी ने बढ़ा दिया है। इसमें भूपेंद्र के शराब के मनमाने ब्रांड तैयार करने और कई राज्यों की शराब तैयार करने की जानकारी जांच टीम को मिल चुकी है।
अब एसआईटी की जांच शराब फैक्टरी से तस्करी के लिए शराब बाहर निकालने पर केंद्रित हो गई है। खरखौदा से शुरू हुई जांच का दायरा पंजाब तक पहुंच गया है। इसमें पुलिस हर पहलु पर जांच कर रही है। इसके लिए एसआईटी पंजाब पुलिस भी संपर्क में हैं। एसआईटी शराब तस्करों के आपसी गठजोड़ का भी पर्दाफाश करेगी। जरूरत पड़ने पर पंजाब पुलिस की भी मदद ली जाएगी। उसके साथ ही तस्करों को काबू कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। एसआईटी डीएसपी जितेंद्र कुमार का कहना है कि तस्करी के लिए शराब की व्यवस्था पंजाब डिस्टलरी से की जाती थी। जिसे लेकर उनकी टीम ने पंजाब पुलिस से संपर्क किया है। जरूरत पड़ने पर पंजाब पुलिस की भी मदद लेेंगे। जिससे वहां कार्रवाई की जा सके और आगे वहां से यहां शराब की तस्करी को पूरी तरह रोका जा सके।
आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी पुलिस
पुलिस टीम मामले में फरार बर्खास्त इंस्पेक्टर जसबीर का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक जसबीर बेसुराग है। वहीं जितेंद्र व उनके साथी सतीश का भी पुलिस अभी तक पता नहीं लगा पाई है। जसबीर की गिरफ्तारी पुलिस के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिससे कई खुलासे हो सकेंगे।
---
मामले को लेकर हर पहलु पर बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में शामिल होने के लिए पंजाब की शराब फैक्टरी के अधिकारियों को नोटिस भेजा गया है। उनके जांच में शामिल होने पर पता लगाया जाएगा कि किस तरह तस्करी होती थी। साथ ही इस मामले में अन्य की संलिप्तता का भी पता लगाया जाएगा।
-जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी सोनीपत।