फोटो: सोनीपत के खरखौदा में दिल्ली-सांपला मार्ग पर दुकानों के आगे सड़क पर अतिक्रमण कर सजाए गए स्ट
खरखौदा। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है। इसके साथ ही बाजार में अतिक्रमण गंभीर होता जा रहा है। दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे तक सामान फैलाकर रखा हुआ है। कुछ ने इन स्टाल को खुद लगाया है तो कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे की जगह दूसरे लोगों को किराये पर दे दी है। इसके चलते बाजार की सड़कें संकरी हो गई हैं और दिनभर जाम जैसी स्थिति बनी रहती है।
त्योहारी सीजन में बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में दुकानों के आगे सामान और स्टाल लगने से सड़क पर वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बच रही है। दोपहिया और चारपहिया वाहन आमने-सामने आने पर रास्ता अवरुद्ध हो जाता है। वहीं, खरीदारी करने आ रहे लोगों को इसी संकरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। इससे बाजार में अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। हैरानी की बात यह है कि बाजार में अतिक्रमण बढ़ने के बावजूद नगर पालिका की तरफ से इसे रोकने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाया जा रहा है। त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की जरूरत है। यदि समय रहते दुकानों के आगे से अतिरिक्त सामान और अस्थायी स्टाल नहीं हटवाई गईं तो दीपावली के नजदीक बाजार में जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।