रोहतक। जयहिंद सेना सुप्रीमो नवीन जयहिंद को रविवार सुबह पुलिस ने घर में नजरबंद कर दिया। यह कदम शहर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर उठाया गया।
बाद में पुलिस ने जयहिंद और लोहार समुदाय के कुछ लोगों को सर्किट हाउस में सीएम से मिलवाया। यहां सीएम ने घुमंतू जाति के लोगों की समस्या सुनी व गरीबों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने देने का आश्वासन दिया।
घुमंतू जाति के लोगों ने कहा कि 13 सितंबर को प्रशासन बुलडोजर लेकर उनकी झोपड़ियों को तोड़ने पहुंचा तो जयहिंद ने कुछ समय मांगा था। इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर चलाना बंद कर दिया है।
नवीन जयहिंद ने कहा कि इन गरीबों का कोई नहीं है। इनके रहने की व्यवस्था सरकार को करनी चाहिए क्योंकि ये लोग सौ साल से रोहतक में रह रहे हैं। इनके आधार कार्ड, वोटर कार्ड सब रोहतक के हैं। इन्हें सरकारी योजना के तहत घर या प्लॉट दिया जाए।