रोहतक। राजीव गांधी खेल परिसर में चल रही 65वीं स्कूल नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता में हरियाणा की लड़कों और लड़कियों की टीम ने फाइनल में स्थान बना लिया है। रविवार को लड़कों की टीम का सेमीफाइनल मुकाबला उत्तर प्रदेश के साथ और लड़कियों की टीम का मुकाबला दिल्ली की टीम के साथ हुआ। लड़कों की टीम ने उत्तर प्रदेश की टीम को 26-16 और लड़कियों की टीम ने दिल्ली को 17-13 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबलों में लड़कों की दिल्ली की टीम ने पंजाब की टीम को 16-4 से और लड़कियों की हिमाचल की टीम ने पंजाब की टीम को 23-14 से हराया।
संयोजक कुलदीप नैन ने बताया कि सोमवार को लड़कों की टीम दिल्ली से और लड़कियों की टीम हिमाचल प्रदेश से फाइनल मुकाबला खेलेंगी। तीसरे स्थान के लिए लड़कों के वर्ग में पंजाब और यूपी और लड़कियों के वर्ग में तीसरे स्थान के लिए पंजाब और दिल्ली की टीमें खेलेंगी। सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान सुखबीर बल्हारा डीएसओ रोहतक, सत्यदेव मलिक, राजकुमार हुड्डा, अल्का मदान, सतबीर सैनी डीपीई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सांपला, बनबीर सिंह पीटीई राजकीय कन्या उच्च विद्यालय सुनारिया, महावीर सैनी डीपीई राजकीय उच्च विद्यालय बालंद, अशोक पीटीई मौजूद रहे।
खिलाड़ियों को दिए इनाम
लड़कों और लड़कियों की टीम की सेमीफाइनल में जीत पर बीईओ महम बिजेंद्र हुड्डा ने 1100-1100 रुपये भेंट किए। लड़कों की टीम को जिला शिक्षा अधिकारी परमेश्वरी हुड्डा ने भी 1100 रुपये की राशि इनाम स्वरूप दी। हरियाणा की लड़कियों की टीम की गोल कीपर को शानदार खेल प्रदर्शन के लिए प्राचार्य जयपाल दहिया 500 रुपये इनाम दिया। लड़कियों की टीम को 1100 रुपये प्राचार्य संदीप नैन और 1100 रुपये प्राचार्य अशोक नांदल ने भी दिए।
लड़कों के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के परिणाम
टीम स्कोर परिणाम
हरियाणा और चंडीगढ़ 30-20 हरियाणा
यूपी और गुजरात 22-21 यूपी
दिल्ली बनाम मणिपुर 34-22 दिल्ली
पंजाब बनाम राजस्थान 21-19 पंजाब
लड़कों के सेमीफाइनल मुकाबलों के परिणाम
टीम स्कोर परिणाम
हरियाणा बनाम यूपी 26-16 हरियाणा
दिल्ली बनाम पंजाब 16-4 दिल्ली
लड़कियों के प्री-क्वार्टर मुकाबलों के परिणाम
टीम स्कोर परिणाम
पंजाब बनाम चंडीगढ़ 15-2 पंजाब
केवीएस बनाम केरल 12-6 केवीएस
एचपी बनाम यूपी 22-9 हिमाचल प्रदेश
गुजरात बनाम मणिपुर 21-7 गुजरात
हरियाणा बनाम तमिलनाडु 18-6 हरियाणा
महाराष्ट्र बनाम तेलांगना 21-8 महाराष्ट्र
बिहार बनाम एनवीएस 26-9 बिहार
दिल्ली बनाम वेस्ट बंगाल 21-2 दल्ली
लड़कियों के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के परिणाम
टीम स्कोर परिणाम
पंजाब बनाम केवीएस 21-1 पंजाब
हिमाचल प्रदेश बनाम गुजरात 23-13 हिमाचल प्रदेश
हरियाणा बनाम बिहार 18-15 हरियाणा
महाराष्ट्र बनाम दिल्ली 20-5 दिल्ली
लड़कियों के सेमीफाइनल मुकाबलों के परिणाम
टीम स्कोर परिणाम
पंजाब बनाम हिमाचल प्रदेश 23-14 हिमाचल प्रदेश
हरियाणा बनाम दिल्ली 17-13 हरियाणा
लड़कियों की टीम में एक ही गांव की पांच लड़कियां
हरियाणा की लड़कियों की टीम ने दिल्ली को हराकर फाइनल में जगह बनाई। प्राचार्य संदीप ने बताया कि हरियाणा की टीम में नरवाना के दनौदा गांव से पांच लड़कियां हैं, जिनमें संजू नैन कप्तान, मनीषा नैन, अंकिता नैन, पूजा नैन और संजू नैन है।
लड़कों के सेमी फाइनल मुकाबले में खिलाड़ी को लगी चोट
लड़कों के सेमीफाइनल में दोनों टीमों ने पूरे जोश के साथ मुकाबला शुरू किया। हरियाणा की तरफ से शरुआत में दो गोल करने वाले रिंकू के हाथ पर दूसरे खिलाड़ी के नाखून लगने से पहले हाफ में चोट लग गई। इसके बाद रिंकू के हाथ पर बैंडेज लगाई गई। जिसके बाद रिंकू फिर से मैदान पर उतरा, लेकिन चोट ज्यादा होने के कारण उसे कोच विजय कुमार ने बदल दिया। इसके बाद रिंकू ने हाथ पर पट्टी बंधवाकर खिलाड़ियोें का हौसला बढ़ाया। रिंकू को इससे पहले मैच में भी कोहनी पर चोट लगी थी।
टीम में सभी खिलाड़ी बेहतरीन, जीतेंगे : कोच
हरियाणा टीम के कोच विजय कुमार ने कहा कि उनकी टीम में एक से बढ़कर एक खिलाड़ी हैं। विरोधी टीम की कमजोरियों से खिलाड़ियों को अवगत करवा दिया है। टीम फाइनल में जीत की प्लानिंग के साथ ही उतरेगी और उम्मीद है कि जीत अवश्य दर्ज करेगी।
पांच साल से हरियाणा की ओर से खेल रहा राहुल
सिरसा के गांव तलवाड़ा खुर्द निवासी राहुल पांच साल से हरियाणा की टीम की ओर से नेशनल खेल रहा है। दसवीं कक्षा के राहुल के बारे में कोच विजय ने बताया कि वह टीम में बेहतरीन खिलाड़ी है। राहुल की ऊंची कूद उसकी मजबूती है। राहुल ने बताया कि वह किसान परिवार से हैं। परिवार में एक भाई और बहन भी हैंडबॉल खेलते हैं। उनके गांव की हैंडबॉल की टीम भी है।