सांपला। नगर पालिका चेयरमैन की सीट सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद दावेदार खुलकर सामने आने लगे हैं। ड्राॅ निकालने के पांच दिन बाद ही कई दावेदारों के नाम सामने आए हैं। भाजपा का टिकट लेने के लिए भी कई लोग लाइन में हैं।
भाजपा ने चुनावी तैयारी तेज करते हुए मंत्री अरविंद शर्मा व नगर निगम के अध्यक्ष रामअवतार वाल्मीकि को सांपला नगर पालिका के चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी है। चुनाव की घोषणा होने तक दावेदारों की सूची लंबी हो सकती है।
कस्बे में चेयरमैन पद की दौड़ में पार्षद अंकित ओहलायन, पूर्व चेयरमैन प्रवीण कोच, शमशेर ओहलायन, अनिल कुमार, सुधीर ओहलायन, मनजीत, पूर्व सरपंच राकेश, महेंद्र सिंह के नाम सामने आए हैं। बैठकों का दौर भी शुरू होने वाला है।
पूजा इंदौरा ने निर्दलीय के तौर पर की थी जीत हासिल
पहले नगर पालिका चेयरपर्सन एससी महिला वर्ग के लिए आरक्षित थी। पिछला चुनाव भाजपा ने कमल के फूल पर लड़ा था। इसमें पार्टी को हार मिली थी। पूजा इंदौरा ने निर्दलीय के तौर पर जीत हासिल की थी। जीत के बाद वह पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा से मुलाकात कर कांग्रेस में शामिल हुईं। बाद में पाला बदलकर भाजपा का दामन थामा। इस बार भाजपा फिर अपना प्रत्याशी उतारेगी।