माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर की न्यू राजेंद्रा कॉलोनी में नगर निगम के चालक ने वीरवार सुबह कूड़ा डालने आई महिला को गाड़ी से टक्कर मार दी। घायल महिला ने शिवाजी कॉलोनी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस को दी शिकायत में यूपी के हरदोई जिले के गांव बड़ोआ, हाल में किरायेदार न्यू राजेंद्रा कॉलोनी निवासी अंजली ने बताया कि सुबह नगर निगम की गाड़ी कूड़ा उठाने के लिए आई। जब वह कूड़ा डालने गई तो चालक ने लापरवाह से ड्राइविंग करते हुए गाड़ी से उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही वह सड़क पर जा गिरी। उसके हाथ व पैरों पर चोटें आईं। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में दाखिल कराया। तब तक आरोपी चालक गाड़ी लेकर जा चुका था।
गाजियाबाद की कंपनी ने लिया है कूड़ा लिफ्टिंग का पांच साल का ठेका
नगर निगम की तरफ से पांच साल के लिए शहर से कचरा उठाने का ठेका गाजियाबाद की निजी कंपनी को दिया गया है। कंपनी के कर्मचारी सुबह-सुबह गाड़ियां लेकर कचरा उठाने जाते हैं। उस कचरे को भिवानी रोड स्थित डंपिंग पॉइंट पर डाला जाता है। आरोपी कर्मचारी निजी कंपनी का है।
नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी से महिला को टक्कर मारने का मामला उनके नोटिस में नहीं आया है। मुख्य सफाई निरीक्षक से पूरी रिपोर्ट ली जाएगी। इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
- डाॅ. आनंद शर्मा, आयुक्त नगर निगम