नगर निगम की पांच इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुक्रवार को न्यू बस स्टैंड से शुरू किया जाएगा। मेयर मनमोहन गोयल, निगम आयुक्त प्रदीप गोदारा और रोहतक डिपो महाप्रबंधक संयुक्त रूप से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। दो बसें निगम क्षेत्र के ग्रामीण रूट पर चलेंगी और तीन शहर के रूट पर। नगर निगम के अनुसार इलेक्ट्रिक बसों का संचालन मई के पहले सप्ताह से होना था मगर कोरोना संक्रमण की वजह से नहीं हो सका। इन बसों का संचालन करने के लिए निगम ने पांच रूट तय किए हैं। निगम की दो बसें शहरी क्षेत्र के गांव खेड़ी साध, बलियाना, कन्हेली, बोहर, सुनारिया खुर्द, सुनारिया कलां जाएंगी। अभी तक इन गांवों में आवागमन के लिए निजी वाहन के अलावा ऑटो ही विकल्प हैं। इन बसों में किराया 10 रुपये निर्धारित किया गया है। इन बसों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं जिनके फुटेज 15 दिन तक सुरक्षित रहेंगे। भू-संपत्ति अधिकारी सुरेंद्र गोयल ने बताया कि शुक्रवार से निगम की पांच इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन न्यू बस स्टैंड से आरंभ हो जाएगा।
बसों के लिए निर्धारित रूट
रूट एक : न्यू बस स्टैंड से शीला बाईपास, दिल्ली बाईपास, एमडीयू, पीजीआई, अशोका चौक, आंबेडकर चौक, छोटूराम चौक, शांतमई चौक से पुराना बस स्टैंड।
रूट दो : न्यू बस स्टैंड से शीला बाईपास, दिल्ली बाईपास, एमडीयू, पीजीआई, अशोका चौक, ओल्ड आईटीआई, झज्जर चुंगी, काठ मंडी, रेलवे स्टेशन, शांतमई चौक, पुराना गोहाना अड्डा, माता दरवाजा चौक, जींद चौक।
रूट तीन : न्यू बस स्टैंड से सुखपुरा चौक, पुराना गोहाना अड्डा, झज्जर रोड, रेलवे स्टेशन, काठ मंडी, झज्जर चुंगी, सुनारिया चौक, सुनारिया कलां।
रूट चार: न्यू बस स्टैंड से शीला बाईपास चौक, सोनीपत स्टैंड, अशोका चौक, शांतमई चौक, भिवानी स्टैंड, पुराना बस अड्डा।
रूट पांच : खेड़ी साध, आईएमटी चौक, बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय, दिल्ली बाईपास चौक, एमडीयू, पीजीआई, अशोका चौक, आंबेडकर चौक, छोटूराम चौक, पुराना गोहाना अड्डा, माता दरवाजा।
प्रदूषण से मुक्ति और लोगों की सुविधा के लिए शुक्रवार से निगम की पांच इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू होगा। बसें पूरी तरह से सुरक्षित हैं और सीसीटीवी कैमरे से युक्त है। यदि बसों का संचालन सफल रहा तो शेष 15 और बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। - प्रदीप गोदारा, आयुक्त, नगर निगम