रोहतक। नगर निगम 88 करोड़ रुपये में पांच साल शहर में घर-घर से कचरा उठवाएगा। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है, जो 21 दिन बाद खुलेगा। साथ ही, मौजूद एजेंसी का कार्यकाल 20 दिन का बचा है। निगम आयुक्त ने शुक्रवार को शहर में औचक निरीक्षण कर गंदगी फैलाने पर 10 लोगों के 7900 रुपये के चालान काटे।
निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा ने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। सुबह निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह के साथ दिल्ली बाईपास से अशोका चौक, पुराना आईटीआई पुल, किला रोड, हिसार रोड, जींद रोड, माता दरवाजा, गोहाना अड्डा, पालिका बाजार व छोटूराम चौक का निरीक्षण किया।
मौके पर मुख्य सफाई निरीक्षक को निर्देश दिए कि गंदगी फैलाने वालों के चालान किए जाएं। शाम को निगम टीम ने चालान किए। टीम ने गोहाना अड्डे पर बूस्टर के सामने सड़क पर बनाया गया चबूतरा तोड़ा और रेस्ट हाउस चौक, छोटूराम चौक, गोहाना अड्डा, शांतमई चौक पर लगे बोर्ड व होर्डिंग हटवाए।