महम। चौबीसी के गांव भैणी महाराजपुर में होली के पर्व पर मातम का माहौल है। गांव के दो किसानों सहित तीन लोगों की हिसार रोड पर मुंढाल गांव के पास नाले में कार गिरने से मौत हो गई। सोमवार को फाग के दिन दोनों किसानों का गांव में अंतिम संस्कार होगा।
गांव के सरपंच प्रतिनिधि वजीर सिंह रापड़िया ने बताया कि गांव निवासी 45 वर्षीय संदीप उर्फ काला दो भाइयों में छोटा था। तीन साल पहले उसके बड़े भाई अनिल की खेत में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उसकी दो बेटी व एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा अविवाहित है। वहीं 57 वर्षीय रमेश उर्फ पेसी तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके भी बड़े भाई की मौत हो चुकी है, जबकि रमेश उर्फ पेसी अविवाहित है। साथ ही खेतीबाड़ी करता था। परिवार के लोग मुंढाल गए हुए हैं जबकि हादसे का शिकार हुआ 36 वर्षीय पलवल निवासी अनिल महम शुगर मिल में नौकरी करता था।
मुंढाल गए थे होली की खुशियां मनाने
महम के भैणी चंद्रपाल गांव से मुंढाल 8 किलोमीटर दूर हैं। संदीप, रमेश व अनिल कार में सवार होकर मुंढाल होली की खुशियां मनाने गए थे। रास्ते में दिल्ली नेशनल हाईवे पर मुंढाल व पीपला पुल के बीच अनियंत्रित होकर नाले में कार पलट गई। हादसे में तीनों की मौत हो गई।