33...साइकिलिस्ट मुकेश नैनकवाल और राज प्रकाश धनखड़ को सम्मानित करते सुनो नहरों की पुकार मिशन,रोह
रोहतक। शहर के दो साइकिलिस्ट मुकेश नैनकवाल और राज प्रकाश धनखड़ जिन्होंने श्रीनगर (जम्मू कश्मीर) से कन्याकुमारी (तमिलनाडु) तक की करीब 4100 किलोमीटर साइकिल यात्रा 16 दिन में पूरी कर शनिवार को रोहतक लौटे। दिल्ली बाईपास स्थित नहरों के पुलों पर सुनो नहरों की पुकार मिशन रोहतक के सदस्यों ने दोनों साइकिलिस्ट का फूलमालाओं से स्वागत किया। साइकिल चलाकर सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर फिट इंडिया व डेयर टू गियर के साथ मिलकर भाईचारे व जल संरक्षण का संदेश दिया।
यह यात्रा 1 नवंबर को सुबह 6 बजे श्रीनगर के फुटबॉल स्टेडियम से शुरू हुई जिसमें देशभर के 150 साइकिलिस्ट शामिल हुए। रोहतक के इन दोनों सदस्यों ने मात्र 16 दिनों में कठिन पर्वतीय मार्गों, ठंडी हवाओं, बदलते मौसम और हजारों किलोमीटर की दूरी को पार करते हुए देश के विभिन्न राज्यों में भाईचारे, जल संरक्षण और पर्यावरण बचाओ का संदेश दिया।
मुकेश नैनकवाल स्वास्थ्य विभाग रोहतक में एमपीएचडब्ल्यू (मेल) के पद पर कार्यरत हैं, अब तक 1,08,000 किलोमीटर साइकिल चलाकर सामाजिक अभियानों का हिस्सा बन चुके हैं। वहीं, राजकीय कन्या उच्च विद्यालय अजायब में हेडमास्टर के पद पर कार्यरत राज प्रकाश धनखड़ अब तक 55,000 किलोमीटर से अधिक की सामाजिक संदेश यात्रा कर चुके हैं। मिशन के संस्थापक मुख्य संरक्षक डॉ. जसमेर सिंह ने बताया कि इस बार की लगभग 4100 किमी यात्रा दोनों साइकिलिस्ट के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है जिसमें देशभर के कई राज्यों के साइकिलिस्ट इनके साथ जुड़े।