रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) की प्रशासनिक लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। एमएससी फिजिकल केमिस्ट्री (तीसरे सेमेस्टर) के छात्रों को परीक्षा देने के बावजूद प्रैक्टिकल में अनुपस्थित दिखा दिया गया। यह मामला ऑल इंडिया जाट हीरोज मेमोरियल कॉलेज से जुड़ा है जिससे छात्रों में भारी रोष है।
छात्र संगठन एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स (एएसएपी) के प्रदेश अध्यक्ष दीपक धनखड़ के नेतृत्व में पीड़ित छात्र शुक्रवार को विश्वविद्यालय पहुंचे और रजिस्ट्रार प्रो. संदीप बंसल को ज्ञापन सौंपा। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय और कॉलेज के बीच तालमेल की कमी के कारण वे पिछले तीन सप्ताह से इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।
छात्रों ने बताया कि परीक्षा शाखा की ओर से कहा गया है कि कॉलेज ने अवाॅर्ड लिस्ट नहीं भेजी। कॉलेज प्रशासन का दावा है कि सभी रिकॉर्ड समय पर जमा करा दिए गए थे। इस खींचतान में छात्रों का परिणाम अधर में लटका हुआ है।
एमडीयू प्रशासन व जाट कॉलेज अपनी ही गलती का ठीकरा एक-दूसरे पर फोड़ने के चक्कर में यह भूल गया है कि इस मानसिक प्रताड़ना का शिकार केवल छात्र हो रहे हैं। इस अवसर पर निकिता, कुनिका, कृष्णा, कल्पना, दीक्षा, रेमन, तमन्ना व अन्य छात्र उपस्थित रहे।