माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। मंथली प्रकरण में विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने एडीजीपी वाई पूरण कुमार के गनमैन सुशील कुमार के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर ली है। इसमें एडीजीपी पूरण कुमार को क्लीनचिट नहीं दी गई है। एक आला अधिकारी ने कहा कि अभी मामले में सब चार्जशीट भी दाखिल की जा सकती है।
शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज कुमार तीन फाइलें लेकर कोर्ट परिसर में पहुंचे लेकिन कुछ तकनीकी खामियों के चलते वापस लेकर आ गए। अब शनिवार या सोमवार को अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा सकती है।
पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक, 6 अक्तूबर को शराब ठेकेदार प्रवीण बंसल ने अर्बन एस्टेट थाने में शिकायत दी थी कि उसे बड़े बदमाशों ने वसूली के लिए जान से मारने की धमकी दी हुई है। इस कारण उसे पुलिस सुरक्षा मिली हुई है।
हिमांशु भाऊ गैंग के कई साथियों ने शराब ठेको में हिस्सा डाला हुआ है। इस कारण अब जान का खतरा बना रहता है। उसे एक पुलिस कर्मचारी जिसने अपना नाम सुशील बताया, बोला-आईजी ऑफिस में मिलने के लिए बुलाया गया है। खुद को आईजी का खास आदमी बताया।
वह जून में आईजी ऑफिस गया तो वहां पुलिसकर्मी सुशील कुमार ने धमकी भरे लहजे में कहा कि अगर रोहतक में शराब का काम करना है तो मंथली देनी पड़ेगी। नहीं तो दूसरे बदमाशों व ठेकेदारों के साथ शराब तस्करी के मुकदमे दर्ज करवा देंगे। फिर एक दिन उसका फोन आया कि वह काम करना है।
उसने लोकेशन भेजकर सेक्टर-एक स्थित अपने कार्यालय बुलाया। उसने अपने एक साथी जयभगवान को भी बुला लिया। सुशील कुमार ने मंथली के तौर पर ढाई लाख रुपये मांगे। कहा कि आईजी साहब पूरा सपोर्ट करेंगे। पुलिस ने आरोपी सुशील कुमार को एफआईआर दर्ज कर सात अक्तूबर को गिरफ्तार कर लिया था। तभी से आरोपी न्यायिक हिरासत के कारण जेल में बंद हैं। रोहतक जेल से उसे अंबाला जेल भेजा जा चुका है।
-
सोशल मीडिया पर चार्जशीट के तथ्य वायरल, अधिकारी का इन्कार
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर यह सूचना वायरल हुई कि एसआईटी ने एक दिन पहले ही एडीजीपी वाई पूरण कुमार के गनमैन सुशील कुमार के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है जबकि जांच टीम लीगल एक्सपर्ट से जांच कराने चार्जशीट की कॉपी लेकर पहुंची थी। शुक्रवार शाम फिर टीम अदालत गई लेकिन तकनीकी खामियों के चलते चार्जशीट दाखिल नहीं की जा सकी।
.....
अभी सुशील कुमार के खिलाफ ही दाखिल होगी चार्जशीट
पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि अभी अदालत में कोई चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है। इसके लिए चार्जशीट तैयार की जा रही है। अभी आरोपी सुशील कुमार के खिलाफ ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी। बाद में सब चार्जशीट भी दाखिल की जा सकती है।