बेरी। हिंदू मैरिज एक्ट-1955 में बदलाव की मांग को लेकर बेरी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न खापों की ओर से शुरू की गई मुहिम अब विधानसभा तक पहुंच गई है।
खापों की इस मांग को मानसून सत्र में बेरी के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रघुवीर सिंह कादयान ने सदन में उठाया था। इसी के लिए उनका आभार जताने शुक्रवार को विभिन्न खापों के प्रतिनिधि बेरी रेस्ट हाउस पहुंचे। दर्जनभर से अधिक खापों के प्रतिनिधियों ने डॉ. कादयान से मुलाकात कर विधानसभा में खापों की आवाज उठाने के लिए उनका धन्यवाद किया और सम्मानित किया।
खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से सामाजिक स्तर पर उठाए जा रहे इस मुद्दे को विधानसभा जैसे मंच पर रखना महत्वपूर्ण कदम है। इससे उनकी मांग सरकार के संज्ञान में पहुंची है और अब उन्हें सरकार से इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की उम्मीद है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय देशवाल खाप के कोऑर्डिनेटर संजय देशवाल, सतगामा खाप प्रधान श्रीपाल, कुंडू खाप प्रधान जयवीर कुंडू, दहिया खाप प्रधान जयपाल दहिया, पालम 360 प्रधान रामकुमार सोलंकी, जनक खाप प्रधान उमेद सिंह, हुड्डा खाप प्रवक्ता जगवंत हुड्डा, गठवाला खाप प्रधान कुलदीप मलिक, खत्री खाप प्रधान राजा खत्री, गठवाला खाप महासचिव समुंद्र मलिक, देशवाल खाप महासचिव अनिल देशवाल, दलाल खाप प्रवक्ता कैप्टन मान सिंह और सिलोठी के सरपंच विक्रम मौजूद रहे।