झज्जर। सत्र 2025-27 के लिए मिशन बुनियाद और सुपर-100 कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए ज्यादा रजिस्ट्रेशन के लिए स्कूल स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने पत्र जारी किया है।
मिशन बुनियाद में रजिस्ट्रेशन के लिए आठवीं कक्षा व सुपर-100 के लिए दसवीं कक्षा में पढ़ने वाला विद्यार्थी आवेदन कर सकता है। सुपर-100 के तहत राजकीय स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को जेईई व नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। वहीं, मिशन बुनियाद के तहत विद्यार्थियों को अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी करवाई जाती है।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने पत्र जारी निर्देश दिए हैं कि सभी एबीआरसी व बीआरपी अपने-अपने ब्लॉक के राजकीय स्कूलों में जाकर अध्यापकों व प्राध्यापकों के सहयोग से विद्यार्थियों को सुपर-100 व बुनियादी योजना के बारे में जानकारी देंगे। इसकी शुरुआत सोमवार से कर दी गई है। शेड्यूल के अनुसार मिशन बुनियाद के लिए 24 दिसंबर को लेवल-एक की परीक्षा होने की संभावना है, जिसका परिणाम 20 जनवरी को घोषित किया जाएगा।
इसके बाद लेवल-2 की परीक्षा 28 जनवरी काे होगी, जिसका परिणाम सात फरवरी 2025 को जारी होगा। लेवल-3 की परीक्षा 11 फरवरी को होगी, जिसका परिणाम 20 मार्च 2025 को घोषित किया जाएगा। सात अप्रैल 2025 से बैच शुरू होने की संभावना है। सुपर-100 के तहत विद्यार्थियों को कुरुक्षेत्र में नीट व जेई की कोचिंग दी जाती है। जिले के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल दुजाना, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मातनहेन, राजकीय माडल संस्कृति झज्जर, राजकीय माडल संस्कृति बहादुरगढ़ में बुनियाद केंद्र चल रहे हैं।
सुपर-100 लेवल-1 की परीक्षा होगी पांच फरवरी 2025 को
सुपर-100 लेवल-एक की परीक्षा पांच फरवरी 2025 को होगी। 20 फरवरी 2025 को लेवल-1 की परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा। लेवल-2 की परीक्षा पांच अप्रैल 2025 काे होगी, जिसका परिणाम 30 अप्रैल 2025 को जारी होगा। वहीं पांच मई 2025 से बैच शुरू होने की संभावना है।
मिशन बुनियाद व सुपर-100 विद्यार्थियों के लिए अच्छी योजना है। इसमें भाग लेने पर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी इन योजनाओं का लाभ ले सकें, इसके लिए स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि ज्यादा संख्या में विद्यार्थी मिशन बुनियाद व सुपर-100 के लिए आवेदन कर सकें।
- जसवीर सिंह, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, शिक्षा विभाग, झज्जर