गांव बोहर के स्कूल से लापता बारह वर्षीय छात्र का शव कन्हैली हैड पर मिला है। गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि बच्चे की मौत कैसे हुई है। वहीं परिजनों का कहना है कि बच्चे की हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द करने की नीयत से कैनाल में फेंका गया है। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर रखा है। अर्बन एस्टेट पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस की एक टीम ने स्कूल में जाकर भी इस बारे में पता किया।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे कन्हैली हैड के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी कि एक बच्चे का शव कैनाल में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस गोताखोरों के साथ कन्हैली हैड पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। सूचना मिलने पर बोहर से लापता बच्चे के परिजन भी मौके पर पहुंचे।
शव की शिनाख्त नवनीत के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें शक है कि नवनीत को अगवा करने के बाद उसकी हत्या की गई है और बाद में शव को खुर्द-बुर्द करने की नीयत से जवाहरलाल कैनाल में फेंका गया है।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
तीन दिन पहले गांव बोहर स्थित एक प्राइवेट स्कूल से बारह वर्षीय नवनीत छुट्टी के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था।
बाद में उसके कपडे़ और खाने का टिफिन सोनीपत रोड स्थित जवाहरलाल कैनाल के पास मिले थे। कैनाल का पानी रुकवाने के लिए परिजनों ने तीन घंटे तक रोहतक-सोनीपत मार्ग जाम भी लगाया था। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर रखा है।